BiharCrimeENTERTAINMENTPatna

घर खाली देख 40 लाख के गहने उड़ाए, अस्पताल से लौटी बहू हुई बेहोश

फुलवारी शरीफ:
रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के देव नगर पिपरा में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया. घटना उस समय हुई जब घर के मुखिया विनय सिंह गंभीर रूप से बीमार होकर पाटलिपुत्र स्थित एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती थे और उनका बेटा अमित कुमार व बहू मोनी कुमारी अस्पताल में उनकी सेवा में लगे हुए थे.
अमित कुमार, जो मकान डिमोलिशन का छोटा कारोबार करते हैं, ने बताया कि पूरा परिवार अस्पताल में था और घर पूरी तरह खाली पड़ा था. इसी दौरान बीती रात चोरों ने मुख्य गेट का ताला और कुंडी तोड़कर घर में प्रवेश किया. अंदर घुसने के बाद बदमाशों ने अलमारी, पेटी और बक्सों को खंगाल डाला और विवाह में मिले जेवरात, मायके से मिले गहने, बच्चों के आभूषण, सास के जेवर तथा अन्य कीमती सामान समेट कर फरार हो गए.
परिवार को घटना की जानकारी पड़ोसी के फोन से मिली, जिसने बताया कि घर का दरवाजा टूटा हुआ है. अस्पताल से लौटकर जब मोनी कुमारी ने घर का मुख्य दरवाजा टूटा देखा और अंदर का सारा सामान बिखरा पाया तो वे बेहोश हो गईं. होश में आने के बाद उन्होंने बताया कि विवाह में ससुराल और मायके से मिले सभी गहने तक चोर ले गए.
अमित कुमार के अनुसार, घर में रखे करीब 12 हजार रुपये नगद चोरों की नजर में नहीं आए और सुरक्षित रह गए, लेकिन जेवरात की कुल कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी जा रही है. अभी भी परिवार चोरी गए सामान का पूरा आकलन कर रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही रामकृष्ण नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. थाना अध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
इलाके में इस बड़ी चोरी की वारदात से दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द खुलासा करने की मांग की है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button