BiharENTERTAINMENTLife StylePatna

पटना का नाम फिर पाटलिपुत्र करने की तैयारी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया बड़ा ऐलान.

फुलवारी शरीफ, राजधानी पटना का नाम बदलकर उसके प्राचीन नाम पाटलिपुत्र करने की दिशा में बिहार सरकार जल्द पहल कर सकती है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को फुलवारी शरीफ प्रखंड के नदियामा गांव में आयोजित सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर को संबोधित करते हुए इसकी घोषणा की. उन्होंने कहा कि बिहार की ऐतिहासिक पहचान और गौरव को पुनर्स्थापित करने के उद्देश्य से पटना को फिर से पाटलिपुत्र नाम देने का प्रस्ताव राज्य मंत्रिमंडल के समक्ष लाया जाएगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना केवल बिहार की राजधानी नहीं, बल्कि देश की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक है. प्राचीन काल में यह नगर पाटलिपुत्र के नाम से विश्वभर में प्रसिद्ध था और मगध साम्राज्य की राजधानी के रूप में इसकी विशेष पहचान थी. उन्होंने कहा कि समय के साथ नाम बदल गया, लेकिन इसकी ऐतिहासिक महत्ता आज भी बरकरार है.

सम्राट चौधरी ने कहा कि उन्होंने राजधानी के समग्र विकास की जो परिकल्पना की है, उसमें पाटलिपुत्र की ऐतिहासिक पहचान को पुनर्जीवित करना भी शामिल है. उन्होंने कहा कि लंबे समय से विभिन्न स्तरों पर पटना का नाम पाटलिपुत्र करने की मांग उठती रही है. सरकार इस विषय पर गंभीरता से विचार कर रही है और जल्द ही इस संबंध में औपचारिक प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि पाटलिपुत्र नाम बिहार की सभ्यता, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है. इससे नई पीढ़ी को अपने इतिहास से जुड़ने का अवसर मिलेगा और राज्य की सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती मिलेगी.

Advertisement
Oplus_131072

इतिहासकारों के अनुसार वर्तमान पटना का प्राचीन नाम पाटलिपुत्र था. गंगा नदी के दक्षिणी तट पर बसा यह नगर प्राचीन भारत के सबसे समृद्ध और महत्वपूर्ण शहरों में गिना जाता था. माना जाता है कि मगध के शासक अजातशत्रु ने लगभग 490 ईसा पूर्व इसके विकास की नींव रखी थी. बाद में मौर्य और गुप्त साम्राज्य के दौर में पाटलिपुत्र राजनीतिक, प्रशासनिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन गया था.

मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद राजधानी का नाम बदलने को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है. यदि सरकार कैबिनेट से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजती है और आवश्यक मंजूरी मिल जाती है, तो आने वाले समय में पटना एक बार फिर आधिकारिक रूप से पाटलिपुत्र के नाम से जाना जा सकता है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button