BiharHEALTHLife StylePatnaPurnia

बिहार वेटेरिनरी कॉलेज में फेलाइन रोगों पर विशेष प्रशिक्षण, विशेषज्ञों ने दिए उन्नत इलाज के टिप्स.

Zeeफुलवारी शरीफ,
बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के अंतर्गत बिहार वेटेरिनरी कॉलेज में “फेलाइन (बिल्ली) रोगों के व्यावहारिक निदान एवं नैदानिक समझ” विषय पर एक दिवसीय हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य बिल्ली रोगों की पहचान, उपचार एवं व्यवहारिक प्रबंधन पर चिकित्सकों, छात्रों और पशु चिकित्सकों को उन्नत जानकारी प्रदान करना था.
कार्यक्रम के आयोजन सचिव एवं सह-समन्वयक डॉ. विवेक कुमार सिंह, सहायक प्राध्यापक, वेटेरिनरी क्लिनिकल कॉम्प्लेक्स ने बताया कि हाल के समय में फेलाइन रोगों के मामलों में वृद्धि हुई है. इनमें फेलाइन साइटोजूनोसिस, फेलाइन पैनल्यूकोपेनिया तथा फेलाइन इंफेक्शियस पेरिटोनाइटिस जैसे जटिल रोग शामिल हैं, जिनका सफलतापूर्वक उपचार किया गया है. उन्होंने कहा कि इन मामलों के बेहतर प्रबंधन के लिए उन्नत प्रशिक्षण आवश्यक था.
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुलपति डॉ. इंद्रजीत सिंह ने कहा कि फेलाइन चिकित्सा के क्षेत्र में अभी भी जागरूकता और विशेषज्ञता की कमी है. वर्तमान समय में बिल्लियों को पालतू जानवर के रूप में रखने की प्रवृत्ति तेजी से बढ़ रही है, ऐसे में इस क्षेत्र में ज्ञान का विस्तार जरूरी है.
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अधिष्ठाता डॉ. पल्लव शेखर ने कहा कि हाल के दिनों में बड़ी संख्या में फेलाइन मामलों का निदान चुनौतीपूर्ण रहा है. ऐसे में इस प्रकार के प्रशिक्षण से लक्षण, निदान और उपचार के बीच की खाई को पाटा जा सकेगा.
मुख्य वक्ता हैदराबाद के वेटेरिनरी इंटरनल मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक कालुंडिया ने बताया कि कोविड-19 के बाद बिल्ली पालने वालों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है. शहरी क्षेत्रों में छोटे आवासों के कारण बिल्लियां सुविधाजनक पालतू पशु बन रही हैं. उन्होंने फेलाइन पार्वो वायरस, यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (यू टी आई) जैसे सामान्य रोगों तथा बिल्लियों के व्यवहारिक प्रबंधन पर विशेष जोर दिया.
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में वेटेरिनरी चिकित्सकों, स्नातक एवं स्नातकोत्तर छात्रों सहित पशु चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े कई प्रतिभागियों ने भाग लिया और व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से फेलाइन रोगों के निदान एवं उपचार की आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त की.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button