BiharENTERTAINMENTLife StyleNationalPatnaPOLITICSरोजगार

प्रखंड कॉलोनी प्राथमिक विद्यालय में गांधी जयंती पर स्वच्छता का संदेश, बच्चों ने चलाया जागरूकता अभियान

प्रखंड कॉलोनी प्राथमिक विद्यालय में गांधी जयंती पर स्वच्छता का संदेश, बच्चों ने चलाया जागरूकता अभियान

बापू के विचारों को जीवन व्यवहार बनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि

फुलवारी शरीफ, अजीत. प्राथमिक विद्यालय प्रखंड कॉलोनी, फुलवारी शरीफ में गुरुवार को महात्मा गांधी जयंती मनायी गयी. इस दौरान विद्यालय के बच्चों ने महात्मा गांधी के विचारों को अपने जीवन में अपनाने और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया. कार्यक्रम में अंकुश ने महात्मा गांधी का रूप धारण कर बच्चों को स्वच्छता का संदेश दिया.

शिक्षिका नीतू शाही ने बच्चों को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन, विचारों और उनके संदेशों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि गांधी जयंती केवल एक दिवस मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन विचारों को याद करने का दिन है, जो आज भी बेहतर समाज के निर्माण की राह दिखाते हैं. गांधी जी स्वच्छता को बेहद महत्वपूर्ण मानते थे. स्वच्छता केवल आसपास की जगह को साफ रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छ सोच, जिम्मेदार व्यवहार और स्वस्थ समाज की नींव भी है.

इस अवसर पर बच्चों के बीच पेंटिंग और कविता प्रतियोगिता आयोजित की गयी. बच्चों ने महात्मा गांधी के जीवन और उनके विचारों पर आधारित प्रस्तुतियां दीं. वहीं ‘मुझमें है गांधी’ कार्यक्रम के तहत बच्चों ने गांधी जी के रूप में अभिनय कर उनके संदेशों को प्रस्तुत किया.

Advertisement

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने शिव मंदिर तालाब के आसपास स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया. बच्चों ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए ‘स्वच्छता ही सेवा है’, ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ समेत कई नारे लगाए.

अंत में बच्चों ने संकल्प लिया कि वे अपने घर, विद्यालय और समाज को स्वच्छ रखने के साथ अपने विचारों और कर्मों में भी स्वच्छता, सत्य और मानवता को स्थान देंगे. बच्चों ने कहा कि गांधी जी के विचारों को अपने व्यवहार का हिस्सा बनाना ही बापू को सच्ची श्रद्धांजलि है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button