फुलवारी शरीफ, अजीत। पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र के चक बैरिया कर्णपुरा में मंगलवार को पेंट मैन्युफैक्चरिंग हाउस सह केमिकल गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा पेंट, केमिकल, कच्चा माल और तैयार सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, 50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान की बात सामने आई है।
आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही देर में पूरा गोदाम लपटों से घिर गया। घटनास्थल से उठता काला धुआं और आग की लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं। करीब पांच घंटे तक आग धधकती रही, जिससे आसपास के इलाके में अफरातफरी मची रही।
आग की सूचना मिलते ही पटना से करीब एक दर्जन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गोदाम में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पेंट और केमिकल रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
सदर-2 के एसडीपीओ रंजन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग से 50 लाख रुपये से अधिक के नुकसान की बात सामने आई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

बताया गया कि पेंट मैन्युफैक्चरिंग हाउस को करीब दो महीने पहले ही चक बैरिया कर्णपुरा में स्थानांतरित किया गया था। गोदाम कर्मचारी के अनुसार, सोमवार को ही करीब 50 लाख रुपये का कच्चा माल गोदाम में लाया गया था। आग में बड़ी मात्रा में यह कच्चा माल और तैयार पेंट समेत अन्य सामान जल गया।
आग की वजह से गोदाम का बोर्ड और पहचान से जुड़ी अन्य सामग्री भी जल गई, जिसके कारण तत्काल मैन्युफैक्चरिंग हाउस का नाम स्पष्ट नहीं हो सका। घटना की सूचना मिलने पर गोपालपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति पर नजर रखी।
आग की सूचना पर निकले मालिक की तबीयत बिगड़ी
गोदाम में आग लगने की सूचना मिलने के बाद मालिक घटनास्थल के लिए निकले, लेकिन रास्ते में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें हार्ट अटैक जैसे लक्षण महसूस होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम नुकसान का आकलन कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, आग पूरी तरह बुझने के बाद गोदाम की जांच की जाएगी। इसके बाद आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान की कुल राशि का स्पष्ट आकलन हो सकेगा।



