कुएं में गिरने से मजदूर की मौत, परिवार में मचा कोहराम
फुलवारी शरीफ के जानीपुर थाना क्षेत्र के अधपा-शोरमपुर गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय मजदूर की कुएं में गिरने से मौत हो गई. मृतक की पहचान अधपा-शोरमपुर गांव निवासी साकेत रोशन, पिता अशोक प्रताप नारायण के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है.
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार साकेत रोशन गांव के एक कुएं के पास बैठा हुआ था. इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह कुएं में जा गिरा. कुएं से आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे बाहर निकालने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने उसे कुएं से बाहर निकाला और इस उम्मीद में अस्पताल ले गए कि शायद उसकी जान बच जाए. हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. वह शादीशुदा था और उसके परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा है. उसकी असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
घटना की सूचना ग्रामीणों ने डायल 112 पुलिस को दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.



