सरकारी स्कूलों में बढ़ा भरोसा, प्रवेशोत्सव में बच्चों का तिलक कर हुआ स्वागत.
फुलवारी शरीफ,
प्रखंड कॉलोनी स्थित प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को प्रवेशोत्सव बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. इस अवसर पर नव नामांकित बच्चों का तिलक लगाकर एवं शिक्षा से संबंधित उपहार देकर स्वागत किया गया. कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका नीतू शाही द्वारा किया गया.
प्रवेशोत्सव के दौरान बच्चों को समय पर पाठ्य पुस्तकें भी उपलब्ध करा दी गईं, जिससे उनकी पढ़ाई बिना किसी बाधा के शुरू हो सके. विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जहां बच्चों और अभिभावकों में खासा उत्साह था.
शिक्षिका नीतू शाही ने बताया कि सरकारी विद्यालयों की व्यवस्था में अब काफी सुधार हुआ है और शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर वृद्धि हो रही है. उन्होंने फुलवारी शरीफ के सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों का नामांकन आसपास के सरकारी स्कूलों में अवश्य कराएं.
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बच्चों को निशुल्क शिक्षा, नामांकन, किताबें, बैग, कॉपी, यूनिफॉर्म, छात्रवृत्ति एवं मध्यान भोजन जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं. साथ ही प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा भी सुनिश्चित की जा रही है.
शिक्षिका ने कहा कि जब सरकार इतनी सारी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, तो अभिभावकों को इसका लाभ उठाते हुए अपने बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए सरकारी विद्यालयों की ओर कदम बढ़ाना चाहिए.



