संपतचक में दिनदहाड़े भीषण जाम, स्कूल वाहनों में फंसे बच्चे
फुलवारी शरीफ, अजीत: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शनिवार को संपतचक में दिन-दुपहरिया अचानक भीषण जाम लग गया. पटना-गया मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लगने से कई किलोमीटर तक आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा. हालात ऐसे थे कि बाइक और मोटरसाइकिल सवारों को भी निकलने में काफी परेशानी हुई.
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न स्कूलों में शामिल होकर घर लौट रहे स्कूली बच्चों के वाहन भी जाम में फंस गए. तपिश भरी गर्मी में लंबे समय तक वाहनों में फंसे रहने से बच्चे भूख-प्यास से परेशान होकर बिलबिलाते नजर आए. अभिभावकों को भी बच्चों की चिंता सताती रही.
जाम हटाने के लिए स्थानीय पुलिस घंटों मशक्कत करती रही. गोपालपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि परसा जाने वाले मोड़ के पास एक वाहन खराब हो जाने के कारण जाम की स्थिति बनी थी.
हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर जाम की समस्या आए दिन बनी रहती है. सड़क किनारे अतिक्रमण, बेतरतीब तरीके से खड़े वाहन और लगातार ओवरटेकिंग के कारण यातायात व्यवस्था बिगड़ती है. लोगों का आरोप है कि बार-बार जाम लगने के बावजूद स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं. स्थानीय लोगों ने सड़क से अतिक्रमण हटाने और बेतरतीब पार्किंग पर रोक लगाने की मांग की है.



