पुलिस दीदी से अभद्रता के बाद महिला पुलिसकर्मियों से मारपीट, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
बदमाशों ने पुलिस टीम से की हाथापाई, आरोपितों की पहचान के लिए कई ठिकानों पर छापेमारी
पुलिस को खुली चुनौती देने वाले युवकों पर होगी कड़ी कार्रवाई
फुलवारी शरीफ, अजीत: पटना में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे ‘स्कूटी दीदी’ अभियान के दौरान ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों से अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.बताया जाता है कि एक महिला पुलिसकर्मी ने स्कूटी रोककर युवकों से बात करने की कोशिश की. इसी दौरान एक युवक ने महिला पुलिसकर्मी के साथ हाथापाई कर दी. घटना के बाद वहां कई अन्य महिला पुलिसकर्मी पहुंचीं और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव किया. रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र के खेमनीचक स्थित सुभाष चौक के पास 30 सितंबर की देर शाम हुई पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. फुटेज सामने आने के बाद पुलिस आरोपित युवकों की पहचान में जुटी है और उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
दरअसल बिहार में कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्कूटी दीदी योजना के तहत महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी उपलब्ध कराई थी. स्कूल-कॉलेजों और छुट्टी के समय उनके बाहर स्कूटी दीदी को तैनात करने की व्यवस्था की गई है.महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए शुरू किए गए ‘स्कूटी दीदी’ अभियान के दौरान महिला पुलिसकर्मियों से इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ कथित मारपीट को पुलिस ने गंभीरता से लिया है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है.
बताया जाता है कि सब इंस्पेक्टर प्रियंका कुमारी महिला पुलिसकर्मियों की टीम के साथ इलाके में गश्त कर रही थीं. इसी दौरान कुछ युवकों के मौजूद होने की सूचना मिली. टीम मौके पर पहुंची तो युवकों ने महिला पुलिसकर्मियों पर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी शुरू कर दी. महिला पुलिसकर्मी ने विरोध करते हुए स्कूटी रोककर युवकों से बात करने की कोशिश की. इसी दौरान विवाद बढ़ गया और एक युवक ने महिला पुलिसकर्मी के साथ हाथापाई कर दी.घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. देखते ही देखते अन्य महिला पुलिसकर्मी भी वहां पहुंच गईं. स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव किया. पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई. पुलिस अब फुटेज के आधार पर एक-एक युवक की पहचान करने में जुटी है. आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.
रामकृष्णा नगर थाने में अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. सदर डीएसपी-2 रंजन कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है. पहचान होने के बाद उनके ठिकानों पर छापेमारी कर गिरफ्तारी की जाएगी. पुलिस के अनुसार घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.




