BiharCrimeENTERTAINMENTHEALTHLife StyleNationalPatna

स्नान के दौरान नवविवाहिता पुनपुन नदी में डूबी, तलाश में जुटी एसडीआरएफ और गोताखोर टीम

फुलवारी शरीफ, अजीत. गौरीचक थाना क्षेत्र के तारणपुर स्थित पुनपुन नदी के सीढ़ी घाट पर गुरुवार की दोपहर स्नान करने के दौरान एक नवविवाहिता गहरे पानी में समा गई. घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण उसका पता नहीं चल सका. सूचना मिलने पर गौरीचक पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम के साथ स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर तलाशी अभियान शुरू कराया.

गौरीचक थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि लापता महिला की पहचान तारणपुर निवासी आजाद पासवान की 23 वर्षीय पत्नी खुशबू देवी के रूप में हुई है. करीब आठ माह पहले ही उसकी शादी हुई थी. बताया गया कि खुशबू देवी एक किशोरी के साथ पुनपुन नदी के सीढ़ी घाट पर स्नान करने पहुंची थी. स्नान के दौरान दोनों गहरे पानी की ओर चली गईं. स्थानीय लोगों ने तत्काल प्रयास कर किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन खुशबू देवी गहरे पानी में चली गई.

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घाट पर जुट गए. कुछ ही देर में महिला के परिजन भी मौके पर पहुंच गए. परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई. स्थानीय गोताखोरों ने काफी देर तक नदी में महिला की तलाश की. इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान शुरू किया.

पुलिस के अनुसार नदी में पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण तलाशी अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. पुलिस यह भी जानकारी जुटा रही है कि घटना के समय महिला किन लोगों के साथ घाट पर पहुंची थी. पुलिस की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button