BiharCrimeENTERTAINMENTFoodsGamesHEALTHLife StylePatnaरोजगार

शराब पार्टी में दोस्तों के बीच विवाद, युवक की गोली मारकर हत्या

फुलवारी शरीफ, अजीत। फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के करौड़ीचक गांव में सोमवार की देर रात शराब पार्टी के दौरान दोस्तों के बीच हुए विवाद मे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद एक युवक ने गोलू नाम के एक युवक पर चार गोलियां चला दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, करौड़ीचक गांव में एक धार्मिक स्थल के समीप खाली जगह पर चार-पांच युवक कथित तौर पर शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर गोलू यादव का साथियों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने पिस्तौल निकालकर गोलू पर फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरातफरी मच गई। गोलू को संभलने का मौका नहीं मिला और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल के आसपास लोगों से पूछताछ की जा रही है और आरोपियों की पहचान के लिए छानबीन जारी है।

बताया गया कि मृतक गोलू यादव प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था और जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़ा था। परिजनों के अनुसार, वह शाम को घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसी बीच परिवार को उसकी हत्या की जानकारी मिली। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने और घटना में शामिल युवकों की पहचान में जुटी है। फायरिंग में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button