स्कूल में पिटाई के आरोप के बाद बिगड़ी थी तबीयत, इलाज के दौरान 14 वर्षीय छात्र की मौत.
फुलवारी शरीफ, अजीत: राजधानी पटना के दीघा थाना क्षेत्र के कुर्जी स्थित होली फेथ इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ने वाले आठवीं कक्षा के छात्र की मौत के बाद मंगलवार को इलाके में जबरदस्त तनाव फैल गया। मृतक की पहचान कुर्जी पुल निवासी नीरज राय के 14 वर्षीय पुत्र राजवीर के रूप में हुई है। परिजनों ने स्कूल के शिक्षकों पर छात्र की पिटाई का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पिटाई के बाद छात्र की तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई और अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के विरोध में लोगों ने स्कूल के बाहर हंगामा किया, पथराव और तोड़फोड़ की तथा पटना-दानापुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
बताया जाता है कि सोमवार को राजवीर अन्य दिनों की तरह स्कूल पहुंचा था। परिजनों के अनुसार स्कूल के दौरान उसके साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी तबीयत खराब हो गई और उसके मुंह से खून आने लगा। स्कूल से सूचना मिलने पर परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज शुरू हुआ। हालांकि मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन स्कूल के बाहर जमा हो गए। आक्रोशित लोगों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने स्कूल परिसर में पथराव किया और तोड़फोड़ की। लोगों का आरोप था कि घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने पूरी सच्चाई छिपाने का प्रयास किया और समय पर सही जानकारी नहीं दी।
आक्रोशित लोगों ने कुर्जी पुल के समीप पटना-दानापुर मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम के कारण आम लोगों, कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों, स्कूली बच्चों और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। काफी देर तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
घटना की सूचना मिलते ही दीघा थाना पुलिस समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। पुलिस ने बताया कि छात्र की मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही हो सकेगा। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और पूरे मामले की जांच जारी है।



