मकर संक्रांति पर सुधा डेयरी का महाप्लान.
36 लाख लीटर दूध, 11 लाख किलो दही, 20 टन तिलकुट और 35 टन पनीर का पुख्ता इंतजाम.
दूध-दही की किल्लत रोकने सड़क पर उतरेंगी 8 उड़नदस्ता टीमें, शहर के प्रमुख इलाकों में टैंकरों से सीधी आपूर्ति.
ठंड भगाइए, मजे से दही-चूड़ा खाइए, सुधा ने पूरी व्यवस्था टाइट कर दी है.
फुलवारी शरीफ. मकर संक्रांति पर्व को लेकर पटना डेयरी प्रोजेक्ट (सुधा) ने इस बार रिकॉर्ड स्तर की तैयारी की है. पर्व के दौरान दूध, दही, पनीर और तिलकुट की संभावित भारी मांग को देखते हुए पूरे बिहार में निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं.
पटना डेयरी प्रोजेक्ट की ओर से मकर संक्रांति के अवसर पर 36 लाख लीटर दूध और 11 लाख किलोग्राम दही की बिक्री का लक्ष्य तय किया गया है. इसके साथ ही 20,000 किलोग्राम तिलकुट और 35,000 किलोग्राम पनीर की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है. डेयरी प्रबंधन का दावा है कि इस बार आपूर्ति में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी.
पटना डेयरी प्रोजेक्ट के प्रबंध निदेशक रूपेश राज ने बताया कि पर्व के दौरान दूध-दही की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 8 उड़नदस्ता टीमों का गठन किया गया है. ये टीमें पटना शहर के अलावा वैशाली, सारण और नालंदा जिलों में लगातार भ्रमण कर आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी करेंगी.
पटना शहर में विशेष रूप से मिल्क टैंकरों के माध्यम से भी दूध की बिक्री की जाएगी. टैंकर नंबर 01 से 12 एवं 13 जनवरी 2026 को बोरिंग रोड में सुबह 7 से 10 बजे तक, राजवंशीनगर हनुमान मंदिर के पास सुबह 10:30 से 1:30 बजे तक और जगदेव पथ में दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक टोन्ड मिल्क उपलब्ध रहेगा. वहीं टैंकर नंबर 02 से पीरबहोर थाना क्षेत्र में सुबह 7 से 10 बजे तक, दिनकर गोलंबर में 10:30 से 1:30 बजे तक तथा गायघाट पुल के नीचे दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक दूध की आपूर्ति की जाएगी.
पटना डेयरी प्रोजेक्ट ने उपभोक्ताओं को जानकारी दी है कि मकर संक्रांति के अवसर पर बल्क ऑर्डर, दूध-दही जार की बुकिंग, सुझाव या शिकायत के लिए मोबाइल नंबर 6204381026 पर संपर्क किया जा सकता है.
सुधा डेयरी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि पर्व के दौरान संयमित खरीदारी करें और सहयोग बनाए रखें, ताकि सभी उपभोक्ताओं तक दूध और दुग्ध उत्पाद सुचारु रूप से पहुंच सकें.



