BiharENTERTAINMENTLife StylePatnaधार्मिक ज्ञान

फुलवारी शरीफ में सालाना उर्स की धूम,

हजारों अकीदतमंदों ने की मजार पर चादरपोशी और मुए मुबारक की जियारत

फुलवारी शरीफ अजीत. पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के यौम-ए-पैदाइश (जन्मदिन) और ईद मिलादुन्नबी के मौके पर फुलवारी शरीफ स्थित मशहूर खानकाह ए मुजीबिया में सालाना उर्स मुबारक का आयोजन धूमधाम से किया गया. शुक्रवार की सुबह से देर रात तक खानकाह परिसर जायरीनों और अकीदतमंदों से खचाखच भरा रहा. सुबह जनाना खाना में महिलाओं की जियारत कराई गई, वहीं दोपहर बाद से देर रात तक पुरुषों की जियारत का सिलसिला चलता रहा.

हजारों की संख्या में लोग खानकाह ए मुजीबिया के संस्थापक ताजुल आरफिन हजरत मौलाना सैयद शाह पीर मुजीबुल्लाह कादरी रहमतुल्लाह अलैह की दरगाह पर चादरपोशी कर फातेहा पढ़ते और दुआएं मांगते रहे. श्रद्धालुओं ने मुए मुबारक की जियारत कर परिवार की खुशहाली और मुल्क में अमन-चैन की दुआ की दरखास्त की. देर रात तक शमा महफिल का आयोजन हुआ, जिसमें सूफियाना कलाम और नात शरीफ के जरिए पैगंबर साहब की जीवनी पर कार्यक्रम पेश किए गए.

फुलवारी शरीफ शहर के विभिन्न मोहल्लों से जुलूस-ए-मोहम्मदिया भी निकाला गया, जिसमें लोगों ने नात शरीफ और मनकबत पढ़ते हुए जुलूस को खानकाह तक पहुंचाया. वहीं कई स्थानों से चादर निकाली गई जो पूरे शहर का भ्रमण करते हुए खानकाह ए मुजीबिया पहुंचीं. इस दौरान बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने चादरपोशी कर फातेहा अदा की.

Oplus_131072

खानकाह मुजीबिया के प्रबंधक हजरत मौलाना सैयद शाह मिनहाजुद्दीन कादरी मुजीबी ने बताया कि पीर सैयद शाह मौलाना आयातुल्लाह कादरी की सदारत में चादरपोशी और फातेहा की रस्म अदा की गई. इस मौके पर देश-विदेश एवं बिहार के विभिन्न इलाकों से आए हजारों मुरीद और अकीदतमंद मौजूद रहे.

Advertisement

खास बात यह रही कि शुक्रवार को जुमा की नमाज के बाद जियारत का सिलसिला शुरू हुआ तो श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. करीब पांच हजार लोगों ने कतारबद्ध होकर दरूद व सलाम पढ़ते हुए मुए मुबारक की जियारत की. लोग अपने-अपने घरों में भी फातेहा कर पकवान बनाकर बांटते रहे.

पूरे सालाना उर्स और मेला परिसर में प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी. बड़ी संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और सादे लिबास में सुरक्षाकर्मी तैनात रहे. पूरे क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के जरिए की गई. अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर मुस्तैद रहा.

Oplus_131072

विधायक गोपाल रविदास ने मांगी अमन-चैन की मांगी दुआ

स्थानीय विधायक गोपाल रविदास भी इस खास मौके पर खानकाह मुजीबिया पहुंचे और चादरपोशी की रस्म अदा की. विधायक ने कहा कि यहां हज़रत मोहम्मद साहब के मुहे मुबारक (पवित्र बाल) के दीदार का आयोजन होता है, जिसे देखने के लिए देश-विदेश से अकीदतमंद बड़ी संख्या में आते हैं. उन्होंने चादरपोशी के बाद दुआ में पूरे मुल्क और खासकर फुलवारी शरीफ में अमन-चैन कायम रहने की अरज़ की.

इस अवसर पर विधायक गोपाल रविदास के साथ कौसर खान, इंजीनियर आफताब आलम, कैस अनवर, सलाउद्दीन मंसूरी, गोल्डन समेत कई अन्य लोग भी चादरपोशी में शामिल हुए.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button