बकरीद को लेकर ग्रामीण इलाकों में पुलिस अलर्ट, गौरीचक और संपतचक में फ्लैग मार्च.
फुलवारी शरीफ, अजीत: बकरीद पर्व को लेकर राजधानी पटना के ग्रामीण इलाकों गौरीचक, संपतचक और गोपालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया. संवेदनशील इलाकों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार फ्लैग मार्च निकाला गया और लोगों से सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की गई.
पटना पुलिस की ओर से गौरीचक थाना अध्यक्ष सह प्रशिक्षु आईपीएस सुषमा सागर के नेतृत्व में पटना-गया रोड, संपतचक रोड, सुरक्षा बांध रोड सहित विभिन्न संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया. वहीं गोपालपुर थाना अध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में भी पुलिस बल ने क्षेत्र में गश्ती अभियान चलाया.
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों, दुकानदारों और आम नागरिकों से शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में बकरीद मनाने की अपील की. लोगों से कहा गया कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी संदिग्ध या असामाजिक तत्व की गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें.
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बकरीद के दौरान सभी संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है. चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके.
पटना से अजीत कुमार की रिपोर्ट



