BiharENTERTAINMENTHEALTHLife StylePatna

पटना में ठंड का सितम और बढ़ेगा, अगले 24 घंटे में और गिरेगा पारा, कोहरा–शीतलहर से जनजीवन बेहाल.


राजधानी पटना समेत पूरे बिहार में ठंड का असर लगातार तीखा होता जा रहा है और फिलहाल लोगों को राहत के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं. शनिवार को बर्फीली पछुआ हवाओं ने कनकनी और बढ़ा दी, वहीं घने कोहरे ने सुबह से ही आम जनजीवन की रफ्तार थाम दी. मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के सभी 38 जिलों के लिए कोल्ड डे और घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार ठंडी पछुआ हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. राज्य के कम से कम आठ जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे पहुंच चुका है. पटना में इस मौसम में पहली बार न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड किया गया, जबकि बीते 24 घंटे के दौरान राजधानी में कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रही.
शनिवार की सुबह पटना में हालात ऐसे रहे कि घने कोहरे के कारण सुबह 9 बजे तक 100 मीटर से आगे कुछ भी साफ नजर नहीं आ रहा था. सड़कों पर आवाजाही बेहद धीमी रही और लोग ठंड से बचने के लिए अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेते दिखे. तेज पछुआ हवा के चलते दिन में भी ठिठुरन बनी रही और धूप का असर लगभग बेअसर साबित हुआ.
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 24 घंटों में तापमान में और गिरावट आ सकती है. अगले चार से पांच दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है. उत्तर, उत्तर-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के कई हिस्सों में लगातार कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रह सकती है, जिससे ठंड का प्रकोप और बढ़ेगा.
विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने, पूरी तरह गर्म कपड़े पहनने और बच्चों, बुजुर्गों व बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है. मौजूदा हालात में ठंड से बचाव ही सबसे बड़ा सहारा माना जा रहा है, क्योंकि आने वाले दिनों में भी पटना और बिहार के लोगों को ठिठुरन से राहत मिलती नहीं दिख रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button