BiharCrimePatna

बिहटा–सरमेरा हाईवे पर सड़क पार कर रहे मजदूर को तेज रफ्तार वाहन ने कुचला

फुलवारी शरीफ: अजीत ।बिहटा–सरमेरा हाईवे पर दोपहर के वक्त गौरीचक थाना क्षेत्र के बलुआचक के पास सड़क पार कर रहे एक मजदूर को तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया. घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई. घटना के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई और आक्रोश में आकर लोगों ने सड़क जाम कर दिया। मृतक की पहचान घेरा सैदानपुर, पचरुखिया थाना क्षेत्र निवासी जय पासवान के रूप में की गई है. उसकी उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है. जय पासवान मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।

स्थानीय ऊष्फा पंचायत के उप मुखिया संजय चौधरी ने बताया कि घटना करीब 2:00 बजे की है. जय पासवान बलुआ चक के पास सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि जय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गौरीचक थाना अध्यक्ष अरुण कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटवाया. करीब 2 घंटे तक चले सड़क जाम के कारण हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।

घटना को लेकर राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश सचिव द्वारिका पासवान भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने कहा कि मृतक गरीब मजदूर था, जो मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पेट पालता था. प्रशासन को तुरंत पहुंच कर मृतक के परिजनों को सरकारी नियम के अनुसार मुआवजा देना चाहिए।

स्थानीय लोगों ने भी मांग की कि जहां आबादी घनी है, वहां तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण जरूरी है. इस हाईवे पर वाहनों की गति बहुत अधिक रहती है, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सरकार से मांग की जा रही है कि जय पासवान के परिजनों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा और सहायता राशि प्रदान की जाए ताकि उसके छोटे बच्चों और पत्नी का भरण-पोषण हो सके।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button