शॉर्ट सर्किट से बिजली पोल में लगी भीषण आग, पुलिस-फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा
शॉर्ट सर्किट से बिजली पोल में लगी भीषण आग, पुलिस-फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा
फुलवारी शरीफ, अजीत। जानीपुर थाना क्षेत्र के सरैया शिव मंदिर के पास गुरुवार देर रात बिजली के पोल में शॉर्ट सर्किट से अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि पोल पर लगे बिजली के तार धू-धूकर जलने लगे। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार आग लगने के बाद बिजली आपूर्ति बंद कराने के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों और कंट्रोल रूम को कई बार फोन किया गया, लेकिन आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों ने कॉल रिसीव नहीं किया। इससे ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।
बिजली विभाग से तत्काल सहायता नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने जानीपुर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस बिजली पोल में आग लगी थी, उसके ठीक नीचे कई दुकानें स्थित थीं। समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो दुकानें भी इसकी चपेट में आ सकती थीं और बड़ा नुकसान हो सकता था।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आपात स्थिति में अधिकारियों द्वारा फोन नहीं उठाए जाने को गंभीर लापरवाही बताया। लोगों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।



