BiharENTERTAINMENTGamesHEALTHLife StyleNationalPatnaरोजगार

वंचित समाज के बच्चों को अंतरिक्ष विज्ञान से जोड़ने की पहल

टेलीस्कोप से करेंगे ग्रह-तारों का दीदार

मसौढ़ी विधायक अरुण मांझी ने जिलाधिकारी से मांगा मार्गदर्शन, संपतचक के निःशुल्क शिक्षण केंद्र के बच्चों को मिलेगा आधुनिक विज्ञान का ज्ञान

फुलवारी शरीफ, अजीत। वंचित समाज के बच्चों को आधुनिक विज्ञान और अंतरिक्ष की दुनिया से परिचित कराने के उद्देश्य से मसौढ़ी विधायक अरुण मांझी ने एक अनूठी पहल की है। संपतचक प्रखंड के भोगीपुर-चकपुल (एकतापुरम) स्थित मिशन नौनिहाल सम्मान निःशुल्क ट्यूशन केंद्र में पढ़ने वाले बच्चों को अब टेलीस्कोप के माध्यम से चंद्रमा, ग्रहों और तारों का प्रत्यक्ष अवलोकन कराने की योजना बनाई गई है। इस संबंध में विधायक ने पटना के जिलाधिकारी को पत्र लिखकर आवश्यक अनुमति, कानूनी प्रावधानों और प्रशासनिक प्रक्रिया के बारे में मार्गदर्शन मांगा है।

माता सावित्रीबाई फुले के विचारों से प्रेरित इस शिक्षण केंद्र का संचालन दलित, महादलित, पिछड़े और अतिपिछड़े समाज के बच्चों के शैक्षणिक विकास के उद्देश्य से किया जा रहा है। केंद्र में पढ़ने वाले सभी बच्चे इन्हीं सामाजिक वर्गों से आते हैं। प्रस्तावित योजना के तहत केंद्र में उच्च तकनीक वाली दूरबीन उपलब्ध कराई जाएगी, जिसके माध्यम से बच्चे चंद्रमा, ग्रहों, तारों और तारामंडल का प्रत्यक्ष अवलोकन कर सकेंगे।

इस पहल का उद्देश्य बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि और जिज्ञासा पैदा करने के साथ उन्हें किताबी ज्ञान से आगे बढ़ाकर व्यावहारिक शिक्षा से जोड़ना है। टेलीस्कोप के माध्यम से अंतरिक्ष की गतिविधियों को करीब से देखने का अवसर मिलने से बच्चों को खगोल विज्ञान की बुनियादी जानकारी हासिल करने में मदद मिलेगी।

मिशन नौनिहाल सम्मान के संस्थापक-संरक्षक एवं वयोवृद्ध समाजसेवी सुखदेव सिंह के आग्रह पर विधायक अरुण मांझी ने जिलाधिकारी को पत्र लिखा है। विधायक चाहते हैं कि सभी आवश्यक नियमों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए इस शैक्षणिक योजना को धरातल पर उतारा जाए।

Advertisement

इस पहल को वंचित वर्गों के बच्चों के लिए विज्ञान और तकनीकी शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मिशन का मानना है कि प्रतिभा किसी जाति या आर्थिक परिस्थिति की मोहताज नहीं होती। यदि बच्चों को उचित अवसर, मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तो इन्हीं में से भविष्य के वैज्ञानिक, खगोलविद और नवाचारकर्ता निकल सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button