BiharENTERTAINMENTGamesLife StyleNationalPatnaरोजगार

वॉलीबॉल टूर्नामेंट में आदर्श विकास विद्यालय बना चैंपियन

फ्लावर स्कूल उपविजेता, मेजबान मदर्स इंटरनेशनल अकादमी को मिला तीसरा स्थान; 12 विद्यालयों की टीमों ने लिया हिस्सा

फुलवारी शरीफ, अजीत। मदर्स इंटरनेशनल अकादमी के खेल परिसर में आयोजित प्रथम अनवर अहमद मेमोरियल अंतरविद्यालय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का शनिवार को समापन हो गया। दो दिवसीय प्रतियोगिता में आदर्श विकास विद्यालय की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं, फ्लावर स्कूल की टीम उपविजेता रही, जबकि मेजबान मदर्स इंटरनेशनल अकादमी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में पटना के कुल 12 विद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना और शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया। समापन समारोह में प्रथम बिहार बटालियन एनसीसी के सूबेदार बिंदु नायर, अलराबिया मेमोरियल एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष फरहत अहमद तथा पटना नगर निगम के वार्ड पार्षद असफर अहमद ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

Advertisement

समारोह में विजेता आदर्श विकास विद्यालय की टीम को ट्रॉफी एवं स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया गया। वहीं उपविजेता फ्लावर स्कूल को ट्रॉफी एवं रजत पदक और तीसरे स्थान पर रही मदर्स इंटरनेशनल अकादमी की टीम को कांस्य पदक प्रदान किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक अरशद अहमद ने कहा कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में टीम भावना, अनुशासन, एकता और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देती हैं। पढ़ाई के साथ खेलकूद भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी है।

विद्यालय की प्राचार्या सुप्रिया चटर्जी ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, निर्णायकों, प्रशिक्षकों और सभी प्रतिभागी विद्यालयों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में निर्णायक मंडल के अमन कुमार, राजकुमार, प्रभात कुमार, दीपक कुंवर सिंह और मौसमी कुमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समापन समारोह में विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button