हथकड़ी समेत थाने से शाहरुख फरार गिरफ्तार
बिहार से बाहर भागने की फिराक में था शाहरुख, फुलवारी शरीफ रेलवे स्टेशन के पास पुलिस ने दबोचा
फुलवारी शरीफ थाने से हथकड़ी समेत फरार हुए मोबाइल चोरी के आरोपी मोहम्मद शाहरुख को पुलिस ने शुक्रवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे फुलवारी शरीफ रेलवे स्टेशन के पास से उस समय पकड़ा, जब वह ट्रेन से बिहार से बाहर भागने की तैयारी कर रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के ईसापुर निवासी मोहम्मद शाहरुख को बुधवार की देर रात मोबाइल चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे थाने लाया गया था। गुरुवार को उसे जेल भेजने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान वह पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी समेत थाना परिसर से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में अफरातफरी मच गई। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थीं।

इसी बीच शुक्रवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि शाहरुख फुलवारी शरीफ रेलवे स्टेशन के आसपास मौजूद है और ट्रेन से बिहार से बाहर भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने स्टेशन के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
फुलवारी शरीफ पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी-2 उमेश्वर चौधरी ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि फरार आरोपी को रेलवे स्टेशन के नजदीक से गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ वरीय अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

थाना परिसर से हथकड़ी समेत आरोपी के फरार होने की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और हिरासत में निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए थे। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस इस मामले में हुई चूक की जिम्मेदारी तय करने में जुटी है।



