BiharCrimeENTERTAINMENTHEALTHLife StyleNationalPatna

फुलवारी नहर में मिला लापता युवक का शव, तीन दिनों से थी तलाश

खगौल से रूपसपुर घर लौटने के दौरान गायब हुआ था 18 वर्षीय रिशु कुमार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

फुलवारी शरीफ के खगौल लख के पास रविवार को नहर में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रूपसपुर थाना क्षेत्र के छोटी जगनपुरा निवासी रिशु कुमार (18) के रूप में हुई है। वह 22 अक्टूबर की रात से लापता था। शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे नहर से बाहर निकलवाया और परिजनों को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंचे पिता अनिल राम ने शव की पहचान अपने बेटे के रूप में की।

परिजनों के अनुसार, रिशु 22 अक्टूबर की रात खगौल स्थित जगत नारायण कॉलेज के पास अपने ननिहाल से रूपसपुर स्थित घर लौटने के लिए निकला था। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। काफी देर तक उसके नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। पिता अनिल राम ने बताया कि उन्होंने बेटे के लापता होने की सूचना खगौल थाने को दी थी, लेकिन उनका आवेदन नहीं लिया गया। इसके बाद उन्होंने एम्स के नजदीक स्थित ओपी के प्रभारी रवि कुमार को मामले की जानकारी दी।

रविवार दोपहर नहर में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। फुलवारी शरीफ थाना के एडिशनल एसएचओ दिवाकर कुमार ने बताया कि खगौल लख के पास नहर में घास और झाड़ियों के बीच एक व्यक्ति के पैर का ऊपरी हिस्सा दिखाई दे रहा था। बाद में शव को बाहर निकाला गया। युवक की पहचान होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया गया।

Advertisement

मौत को लेकर उठ रहे सवाल

रिशु की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पिता ने आशंका जताई कि नशे की हालत में नहर में गिरने से उनके बेटे की मौत हुई होगी। हालांकि, रिशु किन परिस्थितियों में नहर तक पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

ओपी प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button