हरनीचक के विनोद कुमार यादव का मनाया गया जन्मदिन, सादगी और मेहनत से बनाई अलग पहचान
फुलवारी शरीफ, अजीत. हरनीचक के चर्चित किसान और पूर्व प्रखंड प्रमुख विनोद कुमार यादव का आज जन्मदिन मनाया गया . अपने सहज स्वभाव, मेहनत और सामाजिक सक्रियता के कारण विनोद कुमार यादव ने क्षेत्र में ऐसी पहचान बनाई है कि आज भी लोग उन्हें सम्मान से ‘विनोद प्रमुख’ या ‘प्रमुख साहब’ के नाम से पुकारते हैं. फुलवारी शरीफ प्रखंड की राजनीति और सामाजिक जीवन में उनके कार्यकाल की चर्चा आज भी लोगों के बीच होती है.
विनोद कुमार यादव की खासियत यह रही कि उन्होंने अपनी पहचान बनाने के लिए कभी किसी नेता के दरबार की राजनीति का सहारा नहीं लिया. अपनी मेहनत, व्यवहार और लोगों से जुड़े रहने के कारण उन्होंने समाज में अलग मुकाम बनाया. यही वजह है कि राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के कई बड़े नामों से उनके व्यक्तिगत संबंध रहे हैं. पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, सांसद डॉ. मीसा भारती, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव और पूर्व मंत्री श्याम रजक सहित कई प्रमुख लोग उनसे मिलने आते रहे हैं.
क्षेत्र में विनोद कुमार यादव को एक सफल किसान के रूप में भी जाना जाता है. खेती-किसानी से जुड़े रहने के बावजूद उन्होंने सामाजिक और सार्वजनिक जीवन में भी अपनी सक्रियता बनाए रखी. उनके परिवार और रिश्तेदारी का दायरा भी राजनीतिक एवं सामाजिक रूप से मजबूत माना जाता है. क्षेत्र में चर्चा है कि उनके रिश्तेदारों में छह विधायक भी रहे हैं.
लंबे समय तक फुलवारी शरीफ प्रखंड प्रमुख के रूप में सक्रिय रहे विनोद कुमार यादव ने अपने कार्यकाल के दौरान ऐसी छाप छोड़ी कि आज भी ‘प्रमुख’ शब्द सुनते ही कई लोगों के जेहन में सबसे पहले ‘विनोद प्रमुख’ का नाम आता है. उम्र और अनुभव बढ़ने के बावजूद उनके व्यवहार में सादगी और सहजता बनी हुई है. करीबी लोग बताते हैं कि सामाजिक और राजनीतिक पहुंच के बावजूद उनके व्यक्तित्व में घमंड नाम की कोई चीज नहीं है.
जन्मदिन के अवसर पर उनके मित्रों, शुभचिंतकों और क्षेत्र के लोगों ने उन्हें स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दी हैं. लोगों का कहना है कि विनोद कुमार यादव जैसे सरल और जमीन से जुड़े व्यक्तित्व समाज में अपनी पहचान पद से नहीं, बल्कि व्यवहार और लोगों के बीच बनाए विश्वास से कायम करते हैं.



