पैतृक संपत्ति को लेकर वीरपुर में पारिवारिक विवाद
प्रख्यात पर्यावरणविद् व शिक्षा विद गुरुदेव श्री प्रेम ने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की.
सुपौल. जिले के वीरपुर में एक बड़े व्यापारी परिवार में पैतृक संपत्ति को लेकर गंभीर विवाद का मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार प्रख्यात शिक्षाविद, पर्यावरणविद और भारतीय लोको हित पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरुदेव श्री प्रेम के परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा है. आरोप है कि छोटे भाई की ओर से बड़े भाइयों और अन्य परिजनों को पैतृक संपत्ति में हिस्सेदारी नहीं दी जा रही है.
बताया जाता है कि परिवार के कई सदस्य अलग-अलग जिलों में रहते हैं. हाल ही में पटना से कुछ परिजन वीरपुर स्थित पैतृक घर पहुंचे थे ताकि संपत्ति के बंटवारे को लेकर बातचीत की जा सके. लेकिन आरोप है कि वहां पहुंचते ही उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और गाली-गलौज कर धमकी देते हुए घर से भगा दिया गया.
परिजनों का कहना है कि मां और बहन को भी अपमानित किया गया तथा स्थानीय प्रशासन का नाम लेकर डराया-धमकाया गया. इस घटना के बाद परिवार के लोगों में काफी नाराजगी और आक्रोश है. उनका आरोप है कि पैतृक संपत्ति पर एकतरफा कब्जा बनाए रखने के लिए दबाव और धमकी का सहारा लिया जा रहा है.
परिवार के सदस्यों ने बताया कि वे इस मामले को सामाजिक और कानूनी दोनों स्तर पर उठाने की तैयारी कर रहे हैं ताकि सभी को उनका वैधानिक अधिकार मिल सके. वहीं स्थानीय स्तर पर भी इस घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है और लोग इसे एक प्रतिष्ठित परिवार में बढ़ते पारिवारिक विवाद के रूप में देख रहे हैं.
गुरुदेव श्री प्रेम ने बताया कि वे इस मामले में न्याय की मांग को लेकर पटना में डीजीपी तथा सहरसा प्रमंडल के कमिश्नर और आईजी से मिलकर शिकायत करेंगे. उनका आरोप है कि छोटे भाई द्वारा परिवार के अन्य सदस्यों को लगातार बेइज्जत किया जा रहा है और पैतृक संपत्ति में उनका वैधानिक हिस्सा नहीं दिया जा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि समाज के लोगों की बात भी नहीं सुनी जा रही है और सरेआम दबंगई दिखाई जा रही है.
हालांकि इस मामले में दूसरे पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को हस्तक्षेप कर मामले की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए ताकि विवाद का समाधान हो सके और सभी पक्षों को न्याय मिल सके.



