BiharCrimeENTERTAINMENTHEALTHLife StyleNationalPatna

पुरानी रंजिश में दो पक्षों के बीच मारपीट और चाकूबाजी, दो गंभीर रूप से घायल

विसर्जन जुलूस के दौरान हमले का आरोप, तीन गिरफ्तार और एक विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध

फुलवारी शरीफ के ईसापुर ओपी के पास बुधवार की रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और चाकूबाजी हुई। इस घटना में रामबाबू उर्फ राजकुमार और उनके भतीजे पंकज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए एम्स, पटना में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है।

पुलिस के अनुसार, करीब तीन वर्ष पहले हिंदुनी गांव के पास सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में डूबने से करीमन राय उर्फ विनोद राय के परिवार के एक युवक की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों को आशंका थी कि युवक की हत्या कर शव को पानी में फेंक दिया गया था। वहीं, दूसरे पक्ष का कहना था कि युवक की मौत पानी में डूबने से हुई थी। इसी घटना को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद और रंजिश चली आ रही थी।

बुधवार की रात इसी पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान हुई चाकूबाजी में रामबाबू उर्फ राजकुमार और उनके भतीजे पंकज कुमार घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान भी इसी रंजिश को लेकर हमला किए जाने का आरोप है।

Advertisement

घटना में दूसरे पक्ष के भी कई लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। हालांकि, वे पुलिस की जानकारी में आए बिना अन्यत्र अपना इलाज करा रहे हैं।

फुलवारी शरीफ के पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी-1 नारायण उपाध्याय ने बताया कि मामले में विनोद राय (55), पंकज कुमार (20) और विवेक कुमार (19) को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button