- दूसरे प्रदेश और विदेशों में रहनेवाले परिवार के सदस्यों की भी हो रही है गणना
पटना। डीएम -सह-नोडल पदाधिकारी, जाति आधारित गणना,-सह-प्रधान गणना पदाधिकारी, पटना डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने आज जाति आधारित गणना के द्वितीय चरण कार्य का निरीक्षण किया गया। नगर निगम के वार्ड संख्या 27 स्थित बैंक रोड में उन्होंने गणना कार्य का हैण्ड्स-ऑन अनुभव लिया। उन्होंने कहा कि सभी प्रगणक, पर्यवेक्षक, चार्ज ऑफिसर एवं कोषांगों के नोडल पदाधिकारी अच्छा कार्य कर रहे हैं। इतनी भीषण गर्मी में भी उन लोगों के द्वारा सरकार के निदेशों के अनुरूप अच्छा कार्य करना प्रशंसनीय है। साथ ही जिनकी गणना हो रही है वे सभी लोग भी सहयोग कर रहे हैं।

उन्होंने बैंक रोड स्थित रिजवी अपार्टमेंट में जाति आधारित गणना कार्य का स्वयं निरीक्षण किया। रिजवी अपार्टमेंट में आवास करने वाले शंभुनाथ प्रसाद, पिता स्व. दरोगा लाल के परिवार की गणना की गई। प्रगणक द्वारा पूछकर सभी 17 प्रकार की सूचनाओं को प्रामाणिक ढंग से प्रविष्ट करते हुए परिवार के प्रधान शंभुनाथ प्रसाद का घोषणा-पत्र लिया गया। डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि द्वितीय चरण के गणना कार्य का नियमित अनुश्रवण किया जा रहा है। उनके साथ-साथ सभी वरीय नोडल पदाधिकारी/प्रखंडों के नोडल पदाधिकारी क्षेत्र का लगातार भ्रमण कर रहे हैं एवं गणना कार्य का निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शुद्धता के साथ सरकार के निदेशों के अनुरूप ससमय गणना कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। पटना जिला में परिवारों की संख्या 13,69,000 तथा निवासियों की संख्या लगभग 73 लाख है। कुल 12,741 गणना खण्ड/उप गणना खण्ड हैं। द्वितीय चरण में अभी तक लगभग 65,000 परिवारों का सर्वेक्षण कर लिया गया है। सर्वेक्षित परिवारों का डाटा एप पर भी अपलोड किया जा रहा है।

डीएम ने बताया की फर्स्ट फेज में परिवार का सर्वेक्षण किया था। फेज-2 में परिवार के हर सदस्य का डिटेल ले रहे हैं जिसमें व्यक्तिगत जानकारी है। उसके साथ उनके सामाजिक पृष्टभूमि की जानकारी ले रहे हैं, उनकी आर्थिक स्थिति क्या है, शैक्षणिक स्थिति क्या है। कुल 17 प्रकार के प्रश्न हैं।फेज-1 में पटना जिले में 13,69,000 परिवार सर्वे में आए थे। लगभग 73 लाख सदस्यों की संख्या थी जो एक तरह से पटना जिला की जनसंख्या है। अभी फेज-2 में 65,000 परिवारों का अभी तक पूरा डिटेल ले चुके हैं। एक परिवार की गणना करने में प्रगणक को लगभग आधे घंटे का समय लग रहा है। डेटा पूरी तरह से शुद्ध हो, प्रामाणिक हो, कोई जल्दीबाजी नहीं हो, आराम से सब पूछना है। दो कॉपी में चल रहा है। एक तो हार्ड कॉपी प्रपत्र-1 परिवार के लिए पूरा एक प्रपत्र दिया हुआ है और उसमें लगभग 15 सदस्यों का डिटेल भरा जा सकता है। उससे अधिक अगर सदस्य हों तो उसमें फिर दूसरा प्रपत्र उपलब्ध कराया जाएगा। बाहर रहने वालों लोगों का भी वीडियो कॉल कर सूचना प्राप्त कर उनका भी गणना किया जा रहा है। जो लोग बाहर हैं वे किस प्रदेश में हैं इसकी भी जानकारी प्रपत्र में ली जा रही है। वे जिस देश में रह रहे हैं इसकी भी जानकारी ली जा रही है।