BiharCrimeENTERTAINMENTLife StylePatna

चार मंजिला मकान की छत से गिरकर महिला की मौत

आत्महत्या या हादसा जांच के बाद होगा स्पष्ट

आदर्श नगर रोड नंबर एक में गुरुवार की शाम चार मंजिला मकान की छत से गिरकर 55 वर्षीय महिला मंजू देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. घटना के समय महिला की बेटी घर में मौजूद नहीं थी. महिला छत से कैसे गिरीं, यह हादसा था या उन्होंने आत्महत्या की, इसका स्पष्ट कारण पुलिस जांच के बाद ही सामने आयेगा. घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के हाथ लगा है, जिसमें महिला के छत से नीचे गिरने का घटनाक्रम दिखाई दे रहा है.

मंजू देवी मूल रूप से लखीसराय की रहने वाली थीं और फुलवारी शरीफ के आदर्श नगर रोड नंबर एक स्थित किराये के मकान में अपनी 25 वर्षीय बेटी मनीषा कुमारी के साथ रहती थीं. उनके पति की पहले ही मौत हो चुकी है. गुरुवार की शाम मनीषा किसी काम से घर से बाहर गयी हुई थीं. इसी दौरान मंजू देवी चार मंजिला मकान की छत से अचानक नीचे गिर गयीं. सिर और शरीर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गयी.

घटना की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की. फुटेज में महिला के छत से नीचे गिरने की घटना दिखाई दे रही है. हालांकि, वह छत पर किस परिस्थिति में पहुंचीं और गिरने से पहले वहां क्या हुआ, इसे लेकर पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है.

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी-एक अजीत कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की मौत छत से गिरने के कारण हुई है. आत्महत्या या दुर्घटना के संबंध में अभी कोई निष्कर्ष नहीं निकाला गया है. हर पहलू की जांच की जा रही है. घटनास्थल पर विधि-विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्यों की जांच करायी जा रही है.

Advertisement

पुलिस छत की स्थिति, उसकी ऊंचाई, महिला किस स्थान से नीचे गिरीं और घटना के समय छत पर उनकी गतिविधियों समेत अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है. महिला के मोबाइल फोन की भी जांच की जायेगी. घटना से पहले उन्होंने किन लोगों से बातचीत की और हाल के दिनों में उनका किन लोगों से संपर्क था, इसकी जानकारी भी जुटायी जा रही है. सीसीटीवी फुटेज, विधि-विज्ञान प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट, मोबाइल से मिली जानकारी और घटनास्थल से जुटाये गये साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button