BiharENTERTAINMENTGamesLife StylePatnaPOLITICSधार्मिक ज्ञान

हज़रत मखदूम मिन्हाजुद्दीन रास्ती रहमतुल्लाह अलैह का 659वां उर्स धूमधाम से संपन्न

पूर्व मंत्री श्याम रजक और पूर्व विधायक उदय मांझी ने की चादरपोशी, अमन-चैन और तरक्की की मांगी दुआ

फुलवारी शरीफ, अजित. सूफी परंपरा की रौशन मीनार, हज़रत मखदूम मिन्हाजुद्दीन रास्ती रहमतुल्लाह अलैह का 659वां सालाना उर्स मुबारक बुधवार को फुलवारी शरीफ स्थित टमटम पड़ाव मजार शरीफ पर अकीदत और मोहब्बत के माहौल में धूमधाम से मनाया गया।

सुबह से ही दूर-दराज़ से हज़ारों की संख्या में अकीदतमंद मजार शरीफ पर हाज़िरी देने पहुंचे.मौके पर कुछ अकीदतमंद हाथ उठा कर अमन-चैन की दुआ मांगते नज़र आए तो कुछ अपनी गुनाहों की माफी के लिए गिड़गिड़ाते हुए रोते देखे गए. ऐसी मान्यता है कि हज़रत मखदूम की मजार पर सच्चे दिल से मांगी गई मुरादें ज़रूर पूरी होती हैं. यह सिलसिला रात देर तक जारी रहा।

उर्स की शुरुआत सुबह मजार शरीफ की गुस्ल (स्नान) की रस्म से हुई, इसके बाद कुरआन ख्वानी का आयोजन किया गया. शाम में खानकाह मुजीबिया के सज्जादानशीन सैयद शाह मौलाना आयतुल्लाह कादरी ने मजार पर फातिहा पढ़ी और प्रदेश व देश में अमन-चैन की दुआ मांगी. उनके नेतृत्व में कुल व फातिहा की रस्म अदा की गई, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शरीक हुए।

फुलवारी शरीफ स्थित टमटम पड़ाव मजार शरीफ पर आयोजित 659वें उर्स मुबारक के अवसर पर राजनैतिक व सामाजिक क्षेत्र की कई हस्तियों ने भी हाजिरी दी. पूर्व मंत्री श्याम रजक और पूर्व विधायक उदय कुमार मांझी भी दरगाह शरीफ पहुंचे और हज़रत मखदूम मिन्हाजुद्दीन रास्ती रहमतुल्लाह अलैह की मजार पर चादरपोशी कर अमन, भाईचारे और तरक्की की दुआ मांगी.नगर परिषद के चेयरमैन मोहम्मद आफताब आलम ने भी मजार पर चादरपोशी की और सूफी परंपरा को समाज में भाईचारे की मिसाल बताते हुए मुल्क के लिए दुआ की।

Advertisement

पूर्व मंत्री श्याम रजक ने कहा कि हज़रत मिन्हाजुद्दीन रास्ती फिरदौसी जिलानी रहमतुल्लाह अलैह की दरगाह पर हाज़िरी देना सच्ची आध्यात्मिक तसल्ली देता है. उन्होंने प्रदेश, देश और खासकर फुलवारी शरीफ की खुशहाली के साथ-साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के उत्तम स्वास्थ्य और वर्ष 2025 में पुनः मुख्यमंत्री बनने की कामयाबी के लिए रब्बे करीम से दुआ मांगी।

वहीं, पूर्व विधायक उदय कुमार मांझी ने कहा कि वे राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष लालू प्रसाद, पाटलिपुत्र सांसद डॉ. मीसा भारती और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के निर्देश पर सालाना उर्स के मौके पर चादरपोशी के लिए उपस्थित हुए हैं. उन्होंने कहां की मखदूम साहब के दुआओं का असर आगामी चुनाव में देखने को मिलेगा. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद के नेतृत्व में बिहार में सरकार बनेगी और तेजस्वी प्रसाद मुख्यमंत्री बनेंगे।

उर्स के मौके पर मजार परिसर में मेला भी लगा, जहां मिठाइयों की दुकानों के साथ बच्चों के लिए झूले, खिलौने और अन्य मनोरंजन की व्यवस्था रही. टमटम पड़ाव से लेकर दरगाह तक माहौल पूरी तरह रौशनियों से जगमगाता रहा.सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र स्थानीय प्रशासन ने विशेष प्रबंध किए थे और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई थी. उर्स मुबारक का सारा कार्यक्रम सुल्तान रास्ती की देखरेख में शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button