हंडेर में 5000 लीटर से अधिक अर्धनिर्मित देसी शराब का विनष्टीकरण, धंधेबाजों में हड़कंप
फुलवारी शरीफ, गौरीचक थाना क्षेत्र के हंडेर गांव में प्रशिक्षु एसपी सुषमा सागर के नेतृत्व में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई. इस दौरान करीब 5000 लीटर से अधिक अर्धनिर्मित देसी शराब को नष्ट किया गया.
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने जंगल एवं सुनसान इलाके में चल रही कई अवैध भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया. मौके पर बड़ी मात्रा में शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री भी बरामद की गई, जिसे नष्ट कर दिया गया. पुलिस ने शराब बनाने वाले चूल्हों और भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया तथा ड्रम और डब्बों में रखे अर्धनिर्मित शराब को मौके पर ही बहाकर और आग लगाकर नष्ट कर दिया.
कार्रवाई के दौरान पुलिस के पहुंचते ही धंधेबाज मौके से फरार हो गए. हालांकि किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. पुलिस फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. गौरीचक थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.



