स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल: संपतचक PHC में आधा घंटा तड़पते रहे गोली से घायल दो भाई, इलाज नहीं मिला हो गई मौत
स्वास्थ्य केंद्र लापरवाही मामला: जांच के आदेश, दोषियों पर होगी कार्रवाई – सिविल सर्जन.
फुलवारी शरीफ:( अजीत )गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर में रिसेप्शन पार्टी के दौरान गोलीबारी में घायल हुए सहोदर भाई मनीष और मनजीत को परिजन सबसे पहले संपतचक प्रखंड परिसर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे. वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि दोनों गंभीर रूप से घायल अवस्था में फर्श पर पड़े हैं और परिजन व 112 डायल की टीम डॉक्टर को बुलाने के लिए गुहार लगा रहे हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 20 से 30 मिनट तक दोनों भाइयों को प्राथमिक उपचार तक नहीं मिला. परिजन लगातार इलाज की मांग करते रहे, लेकिन मौके पर कोई डॉक्टर उपलब्ध नहीं था. घायल मनीष के सीने में तीन गोलियां लगी थीं और दोनों की हालत नाजुक थी. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर इलाज शुरू हो जाता तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी.
इलाज की व्यवस्था नहीं होने पर दोनों को नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों का कहना था कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों की मौत हो चुकी थी.
परिजन ने बताया किसी डॉक्टर ने घायलों को देखा नहीं था और रेफर करने में भी 20 से 25 मिनट का समय लग गया. घटना के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय लोग और परिजन मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. अब देखना है कि जांच के बाद स्वास्थ्य विभाग क्या कदम उठाता है.
वहीं शाहपुर गोलीकांड में घायल दो सगे भाइयों को समय पर इलाज नहीं मिलने के मामले में सिविल सर्जन ने कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने कहा कि संपतचक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में हुई लापरवाही की जांच कराई जाएगी.
सिविल सर्जन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस प्रकार की घटना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. यदि जांच में किसी चिकित्सक या कर्मी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में आपात स्थिति से निपटने की पूरी व्यवस्था रहनी चाहिए और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी. मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच टीम गठित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में आक्रोश है. अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं.



