BiharENTERTAINMENTHEALTHLife StyleNationalPatnaधार्मिक ज्ञान

सुख-समृद्धि की कामना लिए अस्ताचलगामी और उदयाचलगामी सूर्य को अर्घ्य.


शांतिपूर्ण संपन्न हुआ लोक आस्था का महापर्व छठ, प्रशासन की सतर्क निगरानी में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब.

फुलवारी शरीफ. लोक आस्था और श्रद्धा के महापर्व छठ का समापन सोमवार की शाम अस्ताचलगामी और मंगलवार की अहले सुबह उदयाचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर शांतिपूर्वक संपन्न हुआ. इस दौरान पटना, फुलवारी शरीफ और आसपास के ग्रामीण इलाकों के नदी, तालाब, पोखरों और नहरों पर श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ पड़ी. चारों ओर छठी मइया के गीतों की मधुर गूंज और भक्ति की भावना से वातावरण आस्था से सराबोर हो गया.

घाटों पर भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना बड़े ही विधि-विधान से की गई. व्रतियों ने अपने परिवार के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए सूर्य भगवान को अर्घ्य दिया. घाटों को आकर्षक फूलों, केले के थम्भों और रंगीन लाइटों से सजाया गया था. कई स्थानों पर भगवान भास्कर की प्रतिमा स्थापित कर विशेष पूजा का आयोजन हुआ.

पटना के जगदेव पथ स्थित बीएमपी तालाब, फुलवारी शरीफ के शिव मंदिर घाट, करोड़ीचक गणेश तालाब, बहादुरपुर सूर्य मंदिर घाट, गोणपुरा सूर्य मंदिर घाट, खगौल लख स्थित बड़ी सोन नहर छठ घाट, अनिसाबाद मानिकचंद तालाब, बजरंगबली कॉलोनी घाट, कुरकुरी पोखरा, परसा, बेउर, सिपारा, रामकृष्ण नगर, खेमनीचक, जगनपुरा, अनिसाबाद, जानीपुर, सकरैचा, धरायचक, राजघाट नवादा, भुसौला, दानापुर, पुनपुन नदी तट घाट, सकरैचा गन्नीपुर बांग्ला पर, संपतचक के भोगीपुर चकपुल स्थित रॉकी मुखिया का तालाब, शाहपुर ब्रह्मपुर तालाब, बैरिया सूर्य मंदिर घाट, इलाहीबाग, तारनपुर कंडाप, कोली कमरजी, लंका कछुआरा, गौरीचक बेलदारीचक, पुनपुन नदी, दरधा नदी सहित ग्रामीण क्षेत्रों के आहार, पैन, तालाब और पोखरों पर व्रतियों की भारी भीड़ रही.

Oplus_131072

Advertisement

इसके अलावा संजय नगर, मित्र मंडल कॉलोनी, बिड़ला कॉलोनी, साकेत विहार, पुलिस कॉलोनी, बजरंगबली कॉलोनी और वाल्मी स्थित वृंदावन कॉलोनी समेत कई इलाकों में लोगों ने अस्थायी तालाबों एवं घर की छतों पर कृत्रिम सरोवर बनाकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया. श्रद्धालुओं ने छठी मइया से सुख, समृद्धि, संतान की दीर्घायु और परिवार की मंगल कामना की.

पूजा के दौरान प्रशासन ने पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की थी. प्रमुख घाटों पर भारी संख्या में पुलिस बल, बीएमपी और सैप जवानों की तैनाती रही. अधिकारी लगातार इलाके में गश्त करते नजर आए. पटना सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव कुमार, फुलवारी शरीफ डीएसपी सुशील कुमार, पटना सदर डीएसपी-2 रंजन कुमार, फुलवारी शरीफ थाना अध्यक्ष मोहम्मद गुलाम शाहबाज आलम, गौरीचक थाना अध्यक्ष अमित कुमार, गोपालपुर थाना अध्यक्ष अमित कुमार, परसा बाजार थाना प्रभारी मेनका रानी, जानीपुर थाना अध्यक्ष नवीन कुमार सिंह, रामकृष्ण नगर थाना अध्यक्ष संजीव कुमार, बेउर थाना अध्यक्ष राजीव कुमार समेत कई थानाध्यक्ष, अंचल अधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे.

Oplus_131072

संपतचक में विधायक डॉ. रामानंद यादव और फुलवारी शरीफ में विधायक गोपाल रविदास ने कई घाटों का भ्रमण किया और श्रद्धालुओं को दी जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया. पूर्व मंत्री श्याम रजक भी फुलवारी शरीफ के विभिन्न घाटों पर पहुंचे और श्रद्धालुओं को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं.

नगर परिषद फुलवारी शरीफ के अध्यक्ष आफताब आलम, संपतचक नगर परिषद अध्यक्ष अमित कुमार, उपसभापति निशा कुमारी, अध्यक्ष प्रतिनिधि ऋषभ राय ऊर्फ बंटू और उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सुधीर कुमार ने घाटों पर व्रतियों को दी जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया. नगर परिषद की ओर से साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे. महिलाओं और व्रतियों के लिए चेंजिंग रूम, अस्थायी शौचालय और चिकित्सा सहायता केंद्र की व्यवस्था की गई थी.

पूरे फुलवारी शरीफ और आसपास के इलाकों में छठ पर्व के अवसर पर भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा. सूर्यास्त और सूर्योदय के समय घाटों पर “केलवा जे फरेला घवद से ओह पर सुगा मेड़राय” जैसे गीतों की गूंज ने माहौल को पूरी तरह भक्ति रस से भर दिया. लोक आस्था का यह महापर्व पूरी श्रद्धा, शांति और सामाजिक सौहार्द के साथ संपन्न हुआ.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button