समृद्धि यात्रा के अंतिम चरण में फुलवारी शरीफ पहुंचे मुख्यमंत्री, विकास योजनाओं की गहन समीक्षा
मुरादपुर स्थित डॉ० भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, फुलवारी शरीफ का किया उद्घाटन
एम्स गोलंबर-जानीपुर-पईनापुर-नेवा पथ चौड़ीकरण निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण किया
फुलवारी शरीफ, अजीत:
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने महत्वाकांक्षी कार्यक्रम समृद्धि यात्रा के अंतिम चरण के तहत पटना जिले के फुलवारी शरीफ प्रखंड पहुंचे, जहां उन्होंने जमीनी स्तर पर चल रही विकास योजनाओं का व्यापक निरीक्षण कर अधिकारियों को कई अहम दिशा-निर्देश दिए. इस दौरान प्रशासनिक और पुलिस महकमे में पूरी सक्रियता देखी गई तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे.
मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा योजना के अंतर्गत एम्स गोलंबर-जानीपुर-पईनापुर-नेवा पथ चौड़ीकरण निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूरा किया जाए ताकि आम जनता को शीघ्र लाभ मिल सके. यह सड़क परियोजना पटना के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगी, जिससे यातायात सुगम होगा और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.
इसके उपरांत मुख्यमंत्री मुरादपुर स्थित डॉ० भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, फुलवारी शरीफ पहुंचे. यहां उन्होंने छात्रावास, कक्षाओं, प्रशासनिक भवन, भोजनालय तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया. छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, रहन-सहन और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिक्षा की गुणवत्ता के साथ-साथ छात्राओं के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए. विद्यालय परिसर में लगाई गई समृद्धि यात्रा एवं विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रदर्शनी का भी उन्होंने अवलोकन किया.
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक सह-शैक्षणिक भवन की कनेक्टिविटी व्यवस्था की भी समीक्षा की और कहा कि राज्य सरकार शिक्षा एवं बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में निरंतर सुधार के लिए प्रतिबद्ध है.
इस अवसर पर पटना प्रमंडल के आयुक्त कुमार रवि, पूर्व जिलाधिकारी रहे डॉ० चंद्रशेखर, जिलाधिकारी पटना डॉ० त्यागराजन एसएम, स्थानीय विधायक एवं पूर्व मंत्री श्याम रजक सहित कई वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे. एसएसपी पटना, सिटी एसपी, एसडीएम, एसडीपीओ, फुलवारी शरीफ, खगौल, नौबतपुर एवं जानीपुर के थाना प्रभारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए.
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया. वहीं सड़क किनारे हजारों की संख्या में आम लोग मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिए घंटों धूप में खड़े रहे, जिससे लोगों में उत्साह साफ झलक रहा था.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा राज्य के विकास को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है. इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य विभिन्न जिलों में चल रही सरकारी योजनाओं की वास्तविक स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन करना, अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करना और आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करना है.
इस यात्रा के माध्यम से मुख्यमंत्री यह संदेश देना चाहते हैं कि सरकार केवल योजनाएं बनाकर सीमित नहीं है, बल्कि उनके क्रियान्वयन की निगरानी भी खुद कर रही है. समृद्धि यात्रा के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और रोजगार सृजन से जुड़ी योजनाओं पर विशेष जोर दिया जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने कई मौकों पर यह भी कहा है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए. इसी सोच के तहत वे लगातार फील्ड में जाकर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं. अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए जा रहे हैं कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए.
फुलवारी शरीफ में समृद्धि यात्रा के दौरान हुए इस व्यापक निरीक्षण को क्षेत्र के विकास के लिए अहम माना जा रहा है. आने वाले समय में सड़क, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में और तेजी से कार्य होने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलेगा.



