मिशन नौनिहाल सम्मान की तीन छात्राओं ने 10+2 में लहराया परचम, क्षेत्र का बढ़ाया मान.
संकटों के बीच मेहनत से मिली सफलता, गरीब परिवारों की बेटियों ने रचा इतिहास.
फुलवारी शरीफ: संपतचक प्रखंड के एकतापुरम, भोगीपुर स्थित “मिशन नौनिहाल सम्मान” की तीन छात्राओं मिन्ता कुमारी पासवान, तृषा कुमारी पासवान एवं रुपा कुमारी पासवान ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की 10+2 वर्ष 2026 की परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है.
यह संस्था देश की प्रथम महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले के विचारों से प्रेरित होकर संचालित हो रही है. “मिशन नौनिहाल सम्मान” को “सर्वोच्च मानवाधिकार संरक्षण सम्मान” से सम्मानित किया जा चुका है और यह यूनिसेफ के स्थायी सहयोगी सदस्य 95 वर्षीय समाजसेवी सुखदेव सिंह द्वारा संचालित है. स्थानीय विधायक अरुण मांझी की पहल एवं सहयोग से संस्था के माध्यम से दलित, महादलित एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है.
उल्लेखनीय है कि सफल तीनों छात्राएँ अत्यंत अल्प आय वाले परिवारों से आती हैं. उनके माता-पिता मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण करते हैं. सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद छात्राओं ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह सफलता हासिल की है.
सामाजिक कार्यकर्ता रॉकी कुमार एवं बिनेश पासवान ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज में वास्तविक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है. उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह सफलता अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी.



