BiharCrimeLife StylePatnaPOLITICS

महादलित छात्रा की जलाकर हत्या मामले में भाकपा माले का जांच दल पहुंचा, स्पीडी ट्रायल व कड़ी सजा की मांग

फुलवारी शरीफ.
16 वर्षीय महादलित छात्रा को जलाकर हत्या किए जाने की घटना की भाकपा माले की छह सदस्यीय टीम ने जांच पड़ताल की और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की तीखी निंदा की. टीम ने दोषियों पर स्पीडी ट्रायल चलाकर कड़ी सजा देने की मांग की है.
भाकपा माले की टीम 24 जनवरी को संपतचक थाना क्षेत्र के अब्दुल्लाह चक गांव पहुंची और पीड़िता के माता-पिता, चाचा के साथ-साथ बगल के गांव बैरिया में नाना और ममानी से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली. परिजनों ने बताया कि किशोरी दशमी की परीक्षा देने वाली थी. 17 जनवरी की शाम करीब पांच बजे वह अपने घर से ममानी के घर बैरिया जा रही थी, इसी दौरान बैरिया गांव के पास उसे आग लगाकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया.
घटना के बाद किशोरी को पटना के एनएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां छह दिनों तक इलाज चला. इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए भाकपा माले ने कहा कि इसी कारण 6 दिन बाद किशोरी की मौत हो गई. पार्टी ने इलाज में हुई लापरवाही की भी उच्चस्तरीय जांच की मांग की है.
भाकपा माले के पोलित ब्यूरो सदस्य सह जिला सचिव कामरेड अमर ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि छात्राओं, महिलाओं और लड़कियों पर हत्या, उत्पीड़न और बलात्कार की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जिसके लिए एनडीए की डबल इंजन सरकार जिम्मेदार है. उन्होंने कहा कि घटना के छह दिन बाद तक अपराधी की गिरफ्तारी नहीं होना और प्रशासन व सरकार की चुप्पी बेहद शर्मनाक है. उन्होंने आरोप लगाया कि किशोरी की मौत के बाद अपराधी ने खुद जाकर आत्मसमर्पण किया.
जांच टीम में भाकपा माले राज्य कमेटी सदस्य सह जिला कार्यालय सचिव कमलेश कुमार, संपतचक प्रखंड सचिव सत्यानंद पासवान, फतुहा प्रखंड सचिव शैलेंद्र यादव, स्थानीय कार्यकर्ता सुरेश चंद्र ठाकुर, रासमणि देवी एवं मुन्नी देवी शामिल थे. टीम ने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया.
पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आरोपी वार्ड पार्षद का पुत्र होने के कारण प्रशासन ने गिरफ्तारी, जांच और इलाज में जानबूझकर देरी की. परिजनों ने यह भी बताया कि उन्हें धमकी दी जा रही है और मामले को मैनेज करने का दबाव बनाया जा रहा है.
भाकपा माले ने पीड़ित परिवार को न्याय देने, सुरक्षा की गारंटी करने और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है. पार्टी ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button