महागठबंधन के भाकपा (माले) प्रत्याशी गोपाल रविदास ने फुलवारी से भरा नामांकन
विशाल जनसभा में रखा विकास और रोजगार का एजेंडा.
फुलवारी शरीफ.
फुलवारी (188-अ.जा.) विधानसभा क्षेत्र से महागठबंधन समर्थित भाकपा (माले) प्रत्याशी गोपाल रविदास ने बुधवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. नामांकन के समय उनके प्रस्तावक विजय केवट और गुरुदेव दास उपस्थित थे.
नामांकन के बाद एस.के. मैरेज पार्क, फुलवारी शरीफ में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए गोपाल रविदास ने कहा, “इस बार हम पहले से कहीं अधिक मतों से जीत दर्ज करेंगे. फुलवारी शरीफ की जनता हमारे द्वारा कराए गए विकास कार्यों से संतुष्ट है और हमने अपना विकास रिपोर्ट कार्ड भी जनता के सामने रखा है.”

उन्होंने वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “सुशासन बाबू बीमार हैं और बीजेपी काले कारनामों में लिप्त है. आज की जनता, विशेषकर युवा वर्ग, नौकरी देने वाली सरकार चाहती है — और यह केवल तेजस्वी सरकार ही दे सकती है.”
जनसभा में महागठबंधन सरकार बनने पर लागू की जाने वाली प्रमुख योजनाओं का भी ऐलान किया गया. इसमें मां-बहन सम्मान योजना के तहत महिलाओं को ₹2500 प्रतिमाह, रसोई गैस सिलेंडर ₹500 में उपलब्ध कराने और हर घर को नौकरी देने की घोषणाएं शामिल हैं.
इस मौके पर महागठबंधन के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें भाकपा (माले) के विजय केवट, गुरुदेव दास, जय प्रकाश पासवान, राजद के कौसर खान, इंजीनियर आफताब आलम, कैश अनवर, हरिनारायण यादव, संजय यादव, शुभम यादव, सूरज चंद्रवंशी, भरत यादव, भोला चौधरी, साधु शरण, जन्मेजय शामिल थे. सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भी सभा में भाग लेकर समर्थन जताया.

फुलवारी शरीफ के विधायक गोपाल रविदास की संपत्ति और आपराधिक मामला सार्वजनिक.
फुलवारी शरीफ.
फुलवारी शरीफ विधानसभा क्षेत्र के वर्तमान विधायक गोपाल रविदास बीए पास हैं. उन्होंने 1987 में पटना विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की.
गोपाल रविदास के पास अपना मकान नहीं है और वे गैरमजरूआ जमीन पर बने मकान में रहते हैं. उनकी पत्नी मसौढ़ी अस्पताल में ममता पद पर कार्यरत हैं और उनके बैंक में कुल जमा पूंजी 57 हजार रुपये है, जबकि गोपाल रविदास के पास 1 लाख 50 हजार रुपये की कुल जमा राशि है.
विधायक बनने के बाद उन्होंने एक लोन पर स्कॉर्पियो कार खरीदी है, जिसकी किश्त अभी भी चल रही है. उनके पास खानदानी जमीन थोड़ी सी है, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये है.
सूत्रों के अनुसार, गोपाल रविदास पर फुलवारी शरीफ थाना में एक आपराधिक मामला भी दर्ज है.



