BiharENTERTAINMENTHEALTHLife StylePatna

बिहार में ठंड और कोहरे का असर जारी, 14 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी, 3 फरवरी को बारिश के आसार

फुलवारी शरीफ:
बिहार में ठंड का असर लगातार बना हुआ है और सुबह-शाम कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है. मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान राज्य का मौसम शुष्क रहा, लेकिन कई जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई. राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान भागलपुर के सबौर में 7.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 20 से 24.9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा.पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 3 फरवरी को राज्य के दक्षिण-पश्चिमी जिलों बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद और अरवल के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है. बारिश होने पर तापमान में फिर गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड और बढ़ने की संभावना है.
मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और देर रात अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, वाहन चलाते समय फॉग लाइट का उपयोग करने और ठंड से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है.
मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रहने की आशंका है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है. राजधानी पटना सहित अन्य क्षेत्रों में हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक राज्य के उत्तरी हिस्सों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा बना रह सकता है. वहीं अगले 48 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी की संभावना है, हालांकि ठंड से तत्काल राहत मिलने के आसार कम हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button