बच्चों के चरित्र निर्माण में शिक्षकों की अहम भूमिका
फुलवारी शरीफ.
मौलाना मंतुल्लाह रहमानी मेमोरियल टेक्निकल इंस्टीट्यूट एफसीआई रोड, फुलवारी शरीफ में शिक्षकों और व्याख्याताओं के विशेष सत्र को संबोधित करते हुए अमीरात शरिया एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट के महासचिव एवं अध्यक्ष काज़ी मुहम्मद अंजर आलम कासमी ने कहा कि बच्चों के बौद्धिक और नैतिक विकास में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है. शिक्षक ही छात्रों के व्यक्तित्व की पहली ईंट होते हैं और उनके आचरण व कार्यशैली का सीधा प्रभाव विद्यार्थियों पर पड़ता है.
उन्होंने शिक्षकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्थान के शिक्षक अपने विषय में दक्ष होने के साथ उच्च नैतिक मूल्यों से भी संपन्न हैं, जिससे विद्यार्थियों को सकारात्मक दिशा मिल रही है. यही कारण है कि संस्थान लगातार प्रतिष्ठा हासिल कर रहा है.
काज़ी साहब ने कहा कि संस्थान की स्थापना पूर्वजों के समर्पण और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से की गई थी. उन्होंने प्रत्येक ट्रेड में छात्रों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया और प्रचार-प्रसार के लिए पर्चे व पुस्तिकाएं छपवाने की आवश्यकता बताई.
संस्थान में इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, इलेक्ट्रीशियन, फिटर, ड्राफ्ट्समैन सिविल, रेफ्रिजरेशन और प्लंबर सहित विभिन्न ट्रेड संचालित हो रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में छात्र प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं.
बैठक में केंद्रीय दारुल कजा से जुड़े मौलाना राशिद अनवर कासमी सहित संस्थान के प्रधानाचार्य शौकत अली जाफरी और अन्य शिक्षक उपस्थित रहे.



