पूरी राशि भुगतान के बावजूद फ्लैट के लिए भटक रही विधवा महिला
सात सालों बाद भी नहीं मिला कब्जा.
फुलवारी शरीफ. गोपालपुर थाना क्षेत्र के भोगीपुर, एकतापुरम स्थित छत्रपति शिवाजी ग्रीन्स अपार्टमेंट में फ्लैट फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है, जिसमें एक विधवा महिला को लगातार धमकी और मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है.
पीड़िता शिवप्रिया मिश्रा ने बताया कि वर्ष 2018 में उनके पति स्वर्गीय दीपक कुमार मिश्रा ने रूक्मणी बिल्डटेक प्रा. लि. से फ्लैट खरीदा था. बैंक ऋण की पूरी राशि भुगतान के बावजूद अब तक फ्लैट का कब्जा नहीं दिया गया.
आरोप है कि जानकारी मांगने पर बिल्डर पक्ष द्वारा “फ्लैट को भूल जाओ” कहकर डराया और अपमानित किया गया. इस मामले में गोपालपुर थाना कांड संख्या 192/25 दर्ज की गई है.
डीएसपी-2 पटना सदर के निर्देश पर पुलिस ने जांच तेज कर दी है. अनुसंधानकर्ता उत्तम कुमार ने बताया कि बिल्डर से जुड़े कई लोगों के खिलाफ पहले से भी धोखाधड़ी के मामले सामने आए हैं और गिरफ्तारी से इनकार नहीं किया जा सकता.
पीड़िता ने प्रशासन से जल्द न्याय दिलाने की गुहार लगाई है और कहा है कि लगातार उत्पीड़न से उनके बच्चों का भविष्य प्रभावित हो रहा है.



