पुनपुन नदी से 55 वर्षीय महिला की लाश बरामद
कुरकुरी में बेटी के घर से चार दिन से थी लापता
फुलवारी शरीफ. पटना जिले के गौरीचक थाना क्षेत्र अंतर्गत पुनपुन नदी से मंगलवार को एक महिला की लाश बरामद हुई है. महिला की उम्र लगभग 55 वर्ष बताई जा रही है. शव को नदी में बहते हुए देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला.

मृतका की पहचान सिरपतीया देवी (55 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय सुग्रीव मांझी के रूप में हुई है. मूल रूप से वह अल्लाह बक्शपुर की रहने वाली थीं, लेकिन काफी दिनों से फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के कुरकुरी गांव में अपनी बेटी के यहां रह रही थीं. परिजनों के अनुसार वह चार दिन पहले लापता हो गई थीं. मंगलवार को जब लाश बरामद हुई तो पहचान साड़ी के आधार पर हुई.
मृतका की बहू मंजू देवी ने बताया कि सिरपतीया देवी चार दिन से लापता थीं. यह स्पष्ट नहीं है कि उनकी मौत डूबने से हुई है या हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया गया है.

थानाध्यक्ष अमित कुमार गौरीचक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी. लाश काफी सड़ी-गली हालत में थी और बदबू के कारण पहचान मुश्किल हो रही थी.
शाम को जब शव की पहचान हुई तो बड़ी संख्या में महिलाएं थाने पहुंचीं और रोने-बिलखने लगीं. मृतका के परिवार में चार संतानें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है. पति की मौत पहले ही हो चुकी थी. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.



