पिस्टल की नोक पर दस लाख की लूट, विरोध करने पर कर्मचारी को मारी गोली
रामकृष्ण नगर में दिनदहाड़े वारदात, सीसीटीवी में दो लुटेरे हेलमेट में कैद.
फुलवारी शरीफ. राजधानी पटना में अपराधियों ने शुक्रवार को एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया. रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के बाईपास रोड पर मोटरसाइकिल सवार दो लुटेरों ने एक निजी फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से पिस्टल की नोक पर दस लाख रुपये लूट लिए. विरोध करने पर अपराधियों ने कर्मचारी को गोली मार दी. गोली उसके बांह में लगी, जिसके बाद घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अपराधी रुपए से भरा बैग लेकर बाइक से फरार. दोनों बदमाशों ने हेलमेट पहन रखा था.
घटना की जानकारी मिलते ही रामकृष्ण नगर थाना पुलिस, डीएसपी सदर-2 रंजन कुमार सिंह और सिटी एसपी (पूर्वी) मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की. फुटेज में दो बाइक सवार अपराधी हेलमेट पहने हुए नजर आ रहे हैं, जो कर्मचारी से रुपयों से भरा बैग छीनते दिखाई दे रहे हैं.
पुलिस के अनुसार, घायल कर्मचारी अविनाश, जो भारत फाइनेंस कंपनी में कार्यरत है, कंपनी का दस लाख रुपये लेकर जीरो माइल स्थित बैंक में जमा करने जा रहा था. तभी यूनियन बैंक के नीचे पहुंचे दो बदमाशों ने उस पर हमला कर रुपयों से भरा बैग छीनने की कोशिश की. अविनाश ने विरोध किया तो एक लुटेरे ने पिस्टल से गोली चला दी.
गोली लगने के बाद भी अविनाश ने साहस दिखाया, मगर बदमाश रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए. पुलिस ने बताया कि घायल की स्थिति खतरे से बाहर है और उसका इलाज मेदांता अस्पताल में चल रहा है. डीएसपी सदर-2 ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है और छापेमारी जारी है.



