BiharENTERTAINMENTHEALTHLife StyleNationalPatna

पहाड़ी बर्फबारी का असर बिहार के पटना समेत कई जिलों में बढ़ी ठंड

धूप और कोहरे के बीच चला लुका-छुपी का खेल

फुलवारी शरीफ.
उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी का असर अब बिहार के मैदानी क्षेत्रों में भी साफ दिखाई देने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी दैनिक मौसम विज्ञप्ति के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान राज्य का मौसम शुष्क बना रहा, लेकिन तापमान और वातावरण में आए बदलाव ने ठंड का असर एक बार फिर बढ़ा दिया है।मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि अगले दो दिनों तक राज्य के कुछ हिस्सों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रह सकता है। सुबह के समय दृश्यता कम होने से सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। राजधानी पटना समेत उत्तर और मध्य बिहार के जिलों में दिनभर ठंडी हवाओं और बादलों की आवाजाही के कारण मौसम सर्द बना रहा।राजधानी पटना में बुधवार को दिनभर मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आया। सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहा और पूरे दिन सूरज और बादलों के बीच लुका-छुपी का खेल चलता रहा। कुछ क्षणों के लिए धूप निकलती, लेकिन चंद मिनटों में ही बादलों की ओट में छिप जाती। धूप ना के बराबर निकलने के कारण ठंडी हवाओं का असर लगातार बना रहा और पूरा शहर ठंड और कोहरे की चपेट में रहा। दिनभर मौसम ठंडा बना रहा, जिससे लोगों को सर्दी का अहसास होता रहा।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य में बीते 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 23.7 से 27.6 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जिसमें किशनगंज सबसे गर्म और मुजफ्फरपुर सबसे ठंडा जिला रहा। वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो सबौर, भागलपुर में 7.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कई जिलों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई, लेकिन ठंडी हवाओं और कोहरे के कारण ठंड का एहसास बना रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आने वाले 24 घंटों में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज जिलों के एक-दो स्थानों पर बारिश के साथ गरज और बिजली चमकने की संभावना है। इसके साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा में बढ़ी नमी के कारण ठंड और अधिक चुभने वाली हो सकती है।

आगे के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट संभव है, जबकि उसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि न्यूनतम तापमान में अगले पांच दिनों तक किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहें, सुबह और शाम के समय गर्म कपड़ों का उपयोग करें तथा बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखें। ठंड, कोहरे और संभावित बारिश के कारण आने वाले कुछ दिनों तक बिहार में सर्द मौसम का असर बना रहने की संभावना है।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button