देश का तीसरा NIFTEM मेरे गृह प्रदेश बिहार मे खुलेगा
दिल्ली। शनिवार को केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री सह लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने संसद भवन में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री के तौर पर यह मेरे लिए गर्व की बात है कि मेरे मंत्रालय की एक लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकृति मिली है। देश में अब तक केवल दो ही NIFTEM थे, और एक और NIFTEM स्थापित करने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। कुछ दिनों पूर्व, मैंने वित्त मंत्री जी से मुलाकात कर इस संबंध में आग्रह किया था।

आज मुझे अत्यंत प्रसन्नता है कि वित्त मंत्री जी ने बजट के दौरान इस मांग को मंजूरी दे दी है। देश का तीसरा NIFTEM मेरे गृह प्रदेश बिहार में खुलने जा रहा है। इसके लिए मैं विशेष रूप से देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं वित्तमंत्री जी का हृदय से आभार प्रकट करता हूं।मखाना उत्पादन मेरे मंत्रालय की सबसे महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक है। देश में मखाना का सबसे अधिक उत्पादन बिहार में होता है। मखाना उत्पादन को वैश्विक स्तर पर विस्तारित करने के लिए एक अलग मखाना बोर्ड का गठन किया जा रहा है, जो बिहारवासियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी। इसकी जानकारी पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी कुंदन कुमार ने दी।