BiharCrimeENTERTAINMENTLife StylePatna

गौरीचक में ट्रक ने टेंपो को मारी टक्कर, कई घायल, डायल 112 चालक पर वसूली का आरोप.


फुलवारी शरीफ, अजीत:
2 अप्रैल 2026 की दोपहर गौरीचक थाना क्षेत्र के पटना-गया मुख्य मार्ग पर जैबर के रास्ता के सामने एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें टेंपो में सवार छह से आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को नजदीकी निजी अस्पतालों में भर्ती कराया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेंपो पावर ग्रिड के समीप यात्रियों को उतारने के लिए रुका हुआ था. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे वाहन ने पहले एक ट्रक को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित हो गया और सीधे खड़े टेंपो में जा घुसा. इस जोरदार टक्कर से टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे लगभग आधा दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए.
घायलों में एक 14 वर्षीय किशोरी भी शामिल है, जो संपतचक स्थित कोचिंग से लौट रही थी और गौरीचक थाना क्षेत्र के कमरजी गांव की निवासी बताई जाती है. उसकी आंख में गंभीर चोट आई है. सभी घायलों को अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. अस्पताल सूत्रों के अनुसार सभी की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है.
घटना के बाद एक और विवाद सामने आया, जिसने पूरे मामले को गंभीर बना दिया. मौके पर मौजूद ग्रामीणों और पत्रकारों ने आरोप लगाया कि डायल 112 की गाड़ी का चालक मदद करने के बजाय दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से पैसे निकालकर फरार हो गया. आरोप है कि जब उससे इस संबंध में सवाल किया गया तो उसने अभद्र व्यवहार किया और जवाब देने से भी इंकार कर दिया. स्थानीय लोगों का कहना है कि चालक ने राहत कार्य में सहयोग करने के बजाय गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाया.
इस संबंध में गौरीचक थाना अध्यक्ष सुषमा सागर ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही संज्ञान लिया गया है. उन्होंने कहा कि चालक से बातचीत कर पूरे मामले की जांच की जा रही है. “यदि चालक दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.” उन्होंने यह भी बताया कि सभी घायलों का इलाज जारी है और स्थिति नियंत्रण में है.
अपर थाना प्रभारी रवि कुमार को भी घटना की जानकारी दे दी गई है और प्राथमिकी दर्ज कर जांच प्रक्रिया तेज कर दी गई है. पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button