BiharCrimeENTERTAINMENTNationalPatnaTravel

गौरीचक में टेम्पो-ट्रक भिड़ंत, 5 से अधिक यात्री घायल.


सड़क किनारे अतिक्रमण और खड़े भारी वाहनों ने बढ़ाया हादसे का खतरा.

फुलवारी शरीफ. गौरीचक थाना क्षेत्र के जनकपुर मोड़ के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार टेम्पो और भारी ट्रक की आमने-सामने टक्कर में टेम्पो सवार पांच से अधिक लोग जख्मी हो गए. टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पो अनियंत्रित होकर पास में खड़े एक अन्य ट्रक से भी जा टकराया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के समय टेम्पो में करीब पांच यात्री सवार थे. टक्कर के बाद टेम्पो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया. आसपास मौजूद ग्रामीणों ने खंती और अन्य औजारों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया.
घायलों को इलाज के लिए नारायण अस्पताल समेत आसपास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. अस्पताल सूत्रों के अनुसार अधिकतर घायलों की हालत स्थिर है, जबकि फतेहपुर निवासी 10 वर्षीय बच्ची की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज नारायण हॉस्पिटल में जारी है. कुछ घायलों की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जनकपुर मोड़ के आसपास सड़क के एक लेन पर हमेशा ट्रक, ट्रैक्टर और निर्माण सामग्री खड़ी रहने से मार्ग संकरा हो गया है. इसी अव्यवस्था के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. एक ग्रामीण ने बताया कि जोरदार आवाज सुनकर जब लोग दौड़े तो कई महिलाएं और यात्री सड़क पर गिरे पड़े थे, जिन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया.
मामले को लेकर गौरीचक पुलिस उपाधीक्षक सह थाना अध्यक्ष विनय कुमार रंजन ने कहा कि सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों और अतिक्रमण को हटाने के लिए जल्द विशेष अभियान चलाया जाएगा. नगर परिषद अध्यक्ष अमित कुमार ने भी अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button