BiharCrimeENTERTAINMENTLife StylePatna

गौरीचक में अवैध देसी शराब के अड्डों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हजार लीटर अर्धनिर्मित शराब नष्ट

फुलवारी शरीफ, पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में अवैध रूप से चल रहे देसी शराब निर्माण के अड्डों पर पुलिस ने बड़ी छापेमारी अभियान चलाया. गौरीचक थाना में प्रशिक्षण पर तैनात ट्रेनी आईपीएस सुषमा सागर के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ यह कार्रवाई की गई. छापेमारी के दौरान मुसहरी और गड्ढों में छुपाकर तैयार की जा रही देसी शराब के अड्डों को ध्वस्त कर दिया गया.
ट्रेनी आईपीएस सुषमा सागर ने बताया कि मुस्तफापुर, उड़ान टोला, छोटी सपहुंआ और खैरा समेत कई इलाकों में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई. इन स्थानों पर जमीन में गड्ढे बनाकर तथा झोपड़ीनुमा जगहों में छिपाकर अवैध देसी शराब का निर्माण किया जा रहा था. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर इन सभी अड्डों को ध्वस्त कर दिया.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब एक हजार लीटर अर्धनिर्मित देसी शराब (छोवा) को मौके पर ही विनष्ट कर दिया. इसके अलावा 65 लीटर तैयार चुलाई देसी शराब भी बरामद की गई. शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले जावा, महुआ, ड्रम, डिब्बा, बर्तन और अन्य उपकरणों को भी जब्त कर नष्ट कर दिया गया.
पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया. छापेमारी की सूचना मिलते ही कई धंधेबाज मौके से फरार हो गए. पुलिस उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
ट्रेनी आईपीएस सुषमा सागर ने कहा कि गौरीचक थाना क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button