BiharCrimeLife StylePatna

गौरीचक थाना क्षेत्र में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत

फांसी लगाकर जान देने की आशंका,

मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप


फुलवारी शरीफ, पटना. गौरीचक थाना क्षेत्र के चिपुरा खुर्द गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब 5 माह पूर्व विवाह के बाद ससुराल में रह रही एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका की पहचान मोहनी कुमारी, पति अभिषेक कुमार, निवासी ग्राम चिपुरा खुर्द, थाना गौरीचक, जिला पटना के रूप में की गई है.
परिजनों के अनुसार मोहनी कुमारी की मौत फांसी लगाने से हुई बताई जा रही है, हालांकि मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. बताया जा रहा है कि मृतका का मायका भी इसी गांव में है, जिससे घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.
सूचना मिलने पर गौरीचक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर विधि-सम्मत कार्रवाई करते हुए मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट तैयार की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस के अनुसार वर्तमान में इलाके की विधि व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है.
मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही मोहनी कुमारी के साथ ससुराल में मारपीट की जा रही थी और इसी प्रताड़ना के कारण उसकी हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया है. घटना के बाद मायके वालों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है.
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतका के पति अभिषेक कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी.
थाना पुलिस ने बताया कि इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button