गंगा देवी महिला महाविद्यालय में ‘एआई फॉर ऑल’ रिफ्रेशर पाठ्यक्रम प्रारंभ
आईआईटी पटना के सहयोग से 12 दिवसीय कार्यक्रम, विभिन्न संकायों के सौ से अधिक प्रतिभागियों की सहभागिता.
फुलवारी शरीफ. गंगा देवी महिला महाविद्यालय, पटना में सोमवार को एमएमटीटीसी, आईआईटी पटना के सहयोग से “एआई फॉर ऑल – विज्ञान, सामाजिक विज्ञान एवं मानविकी को सशक्त बनाने के नवाचार” विषय पर 12 दिवसीय रिफ्रेशर पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया गया. यह कार्यक्रम प्रत्यक्ष तथा ऑनलाइन दोनों रूपों में चलाया जाएगा. उद्घाटन सत्र में लगभग 100 प्रतिभागियों ने भाग लिया.
कार्यक्रम का शुभारंभ आईआईटी पटना के निदेशक डॉ. टी. एन. सिंह ने किया. महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. विजय लक्ष्मी ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता आज की अनिवार्य आवश्यकता है. विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हमें एआई की उपयोगिता, संभावनाओं और इसकी सीमाओं को समझना महत्वपूर्ण है.

पाठ्यक्रम के संयोजक आईआईटी पटना के प्रो. डॉ. एस. के. फ़रीदा ने “कृत्रिम बुद्धिमत्ता और प्राकृतिक बुद्धिमत्ता” विषय पर अपने व्याख्यान में कई महत्वपूर्ण और रोचक बिंदु प्रस्तुत किए. कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अभिनय कुमार सिंह ने बताया कि इस पाठ्यक्रम की संरचना इस प्रकार तैयार की गई है कि यह विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और मानविकी—सभी संकायों के शिक्षकों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा.
सह-समन्वयक गंगा देवी महिला महाविद्यालय की डॉ. रेणु कुमारी ने सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम की सफलता और सार्थकता सुनिश्चित करने में सभी का सहयोग आवश्यक है.



