खेलो और सीखो थीम पर प्राथमिक विद्यालय प्रखंड कॉलोनी फुलवारी शरीफ में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी
धमाल के साथ केई खेलों का आयोजन भी हुआ
फुलवारी शरीफ. अजीत । प्राथमिक विद्यालय प्रखंड कॉलोनी, फुलवारी शरीफ पटना में शनिवार को अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन हुआ. इस माह की संगोष्ठी का थीम “खेलो और सीखो” रखा गया, जिसका उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और पढ़ाई के साथ-साथ खेलों के महत्व को रेखांकित करना था.
संगोष्ठी में बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे और उन्होंने अपने बच्चों की प्रतिभा देख गर्व महसूस किया. जो बच्चे खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किए, उन्हें मैडल पहनाकर सम्मानित किया गया. इससे बच्चों का मनोबल और आत्मविश्वास दोनों बढ़ा।

शिक्षिका नीतू शाही ने अभिभावकों को विद्यालय में चल रहे विभिन्न अभियानों की जानकारी दी. इनमें बच्चों में स्वच्छता अभियान, ईको क्लब की गतिविधियाँ, खेलो और सीखो पहल तथा अन्य रचनात्मक कार्यक्रम शामिल रहे. उन्होंने कहा कि यह प्रयास बच्चों को सकारात्मक दिशा देने और उनकी छिपी हुई क्षमताओं को निखारने में मददगार साबित हो रहे हैं.
कार्यक्रम के दौरान यह भी साझा किया गया कि अब विद्यालय की सूरत और सीरत दोनों बदल चुकी है. पहले की तुलना में बच्चे अधिक सक्रिय, आत्मविश्वासी और अनुशासित हो गए है।

‘सुरक्षित शनिवार’ अभियान के अंतर्गत बच्चों को साफ-सफाई और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया. बच्चों ने कविता के माध्यम से संदेश दिया — “सौ रोगों की एक दवाई, खूब रखो साफ-सफाई.” इस प्रस्तुति ने उपस्थित अभिभावकों और शिक्षकों को खूब प्रभावित किया.
संगोष्ठी का माहौल उत्साह और ऊर्जा से भरपूर रहा. कार्यक्रम ने इस विश्वास को मजबूत किया कि खेल और शिक्षा का संयोजन बच्चों को न सिर्फ बेहतर इंसान बनाएगा, बल्कि उज्ज्वल भविष्य की राह भी दिखाए.



