खगौल नहर में डूबने से फुलवारी शरीफ के किशोर की मौत.
छठ पूजा की खुशियों के बीच मातम में बदला माहौल
फुलवारी शरीफ. छठ पूजा के उत्सव और उल्लास के बीच मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया. खगौल के लख स्थित सोन नहर में नहाने के दौरान फुलवारी शरीफ के मौर्य बिहार निवासी 15 वर्षीय मयूर राज की डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद छठ पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं.
मयूर राज, दीपक गुप्ता का छोटा बेटा था. उसके बड़े भाई का नाम अनिकेत (18 वर्ष) है, जबकि मां मधु कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है. पिता दीपक गुप्ता खगौल के छोटी बदलपुरा में इलेक्ट्रॉनिक की दुकान चलाते हैं. उन्होंने बताया कि उनके घर में इस बार छठ पूजा नहीं हुई थी. मयूर मंगलवार की सुबह आसपास के लोगों के साथ छठ घाट घूमने गया था. वहां जब उसने दूसरों को नहाते देखा, तो वह भी नहर में उतर गया. इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया.

आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. मयूर को आनन-फानन में बाहर निकाला गया और इलाज के लिए एम्स पटना ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की खबर मिलते ही मौर्य बिहार कॉलोनी में मातम पसर गया. घर के सामने ही कुछ दूरी पर सोन नहर छठ घाट स्थित है, जहां हर साल छठ पूजा का आयोजन होता है. उसी घाट के पास बेटे की डूबने से मौत से परिजन सदमे में हैं.
पिता दीपक गुप्ता का कहना है कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि छठ के दिन उनका बेटा उन्हें यूं छोड़ जाएगा. मां मधु कुमारी बार-बार बेटे का नाम पुकारती रही और बेहोश होकर गिर पड़ीं. पूरे परिवार में कोहराम मचा है. मोहल्ले के लोग परिवार को सांत्वना देने में जुटे हैं.
मयूर का शव पोस्टमार्टम के लिए एम्स पटना भेजा गया, जहां रिपोर्ट के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया. इस दर्दनाक घटना ने छठ पूजा की खुशियों के बीच पूरे फुलवारी शरीफ और खगौल इलाके को शोक में डुबो दिया है. मृतक के में मेरे भाई हर्ष कुमार ने बताया कि देर शाम दाह संस्कार की तैयारी चल रही थी.



