BiharCrimeLife StyleNationalPatnaPOLITICS

कैंडल मार्च में उमड़ा जनसैलाब, सीबीआई जांच और दोषियों को सख्त सजा की मांग तेज

फुलवारी शरीफ.चक मूसा की कोचिंग छात्रा की अपार्टमेंट की छत से तथाकथित रूप से गिरकर हुई मौत के मामले में जनआक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है. मंगलवार की देर शाम पूर्व विधायक गोपाल रविदास के नेतृत्व में भाकपा माले, राष्ट्रीय जनता दल सहित अन्य दलों के नेताओं और स्थानीय लोगों ने चक मूसा से पटना एम्स मोड़ तक विशाल कैंडल मार्च निकाला. मार्च में सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए और छात्रा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर नारेबाजी की.
कैंडल मार्च के दौरान पूर्व विधायक गोपाल रविदास ने कहा कि उन्हें जांच कर रही बिहार पुलिस और स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम की कार्रवाई पर भरोसा नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा अब तक जो खुलासा किया गया है वह पूरी तरह से गलत और भ्रामक है. विधायक ने कहा कि पीड़ित छात्रा के पिता और परिवार के अन्य सदस्य भी इस मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो से जांच और न्यायिक जांच की मांग कर रहे हैं.
विधायक ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि छात्रा के साथ गलत करने का प्रयास किया गया था और विरोध करने पर उसे छत से धक्का देकर मार दिया गया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेने के बाद छोड़ दिया, जिससे परिवार और समाज के लोगों में गहरी नाराजगी है.
कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने कहा कि जब तक छात्रा को न्याय नहीं मिलता और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा नहीं दी जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. प्रदर्शनकारियों ने दोषियों को फांसी देने की मांग करते हुए प्रशासन से निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की अपील की.
मार्च के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी देखने को मिली. पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है. सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन की ओर से पुलिस बल की तैनाती की गई थी.
पीड़ित परिवार ने भी प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग दोहराई है. वहीं जांच एजेंसियां मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच करने का दावा कर रही हैं, लेकिन परिजनों और स्थानीय लोगों की निगाहें अब आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button